ग्वालियर । हमें आर्थिक सुधार की ओर बढ़ना है और इसके लिए निरंतर प्रयास करना है। महिलायें एकजुट होकर कार्य करें। वे अपनी शक्ति को पहचानें और आत्मनिर्भर बनें। महिलायें अर्थव्यवस्था में अपना योगदान दें। यह बात कलेक्टर राहुल जैन ने आजीविका दिवस के अवसर पर डबरा ब्लॉक के ग्राम कल्याणी में आयोजित कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि महिलायें स्व-सहायता समूह बनाकर कार्य प्रारंभ करें। इसमें शासन द्वारा उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में आर्थिक मदद दी जा रही है। इसलिए स्व-सहायता समूह की महिलायें सहायता का उपयोग करें।
14 अप्रैल से 5 मई तक ग्राम स्वराज अभियान का संचालन किया गया। शनिवार को इस अभियान का आखिरी दिवस था। इस दिवस को आजीविका एवं कौशल विकास दिवस के रूप में मनाया गया। इस दिन जिले में चार स्थानों पर विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। मुरार विकासखण्ड के ग्राम हस्तिनापुर, भितरवार के ग्राम चीनौर, घाटीगांव के ग्राम मोहना तथा डबरा विकासखण्ड के ग्राम कल्याणी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के उदबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूह की महिलाएं एवं ग्रामीणजन उपस्थित थे। ग्राम कल्याणी में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर राहुल जैन ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को विभिन्न उद्योगों तथा अनेक योजनाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में लगभग 700 से अधिक महिलाएं सम्मिलित हुईं। इसमें 12 ग्रामों के स्व-सहायता समूह शामिल थे। उन्होंने कहा महिलाएं जो भी बचत करेंगीं, उसका रिवॉल्विंग फण्ड उन्हें प्रदान किया जायेगा। महिलाएं अच्छी गुणवत्ता का कार्य करें, जिससे बाजार में उनके द्वारा निर्मित उत्पादों की मांग बढ़े। उन्होंने कहा ऐसी वस्तुएं निर्मित करें, जिनकी मांग भी अधिक हो तथा आस-पास ही बाजार उपलब्ध हो सके। इससे उत्पादन की लागत भी निकलेगी और लाभ भी अधिक होगा।
कलेक्टर राहुल जैन ने कहा कि जिले में आजीविका मिशन का कार्य प्रारंभ किया गया है। इसे और अधिक विकसित करना है। इसमें स्व-सहायता समूह की महिलाएं पूरी शक्ति, ऊर्जा एवं विश्वास के साथ कार्य करें, तभी हमें उद्देश्यों में सफलता मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिले में लगभग 850 समूह बन गए हैं और लगभग 252 समूहों को अभी तक रिवॉल्विंग फण्ड दिया गया है। उन्होंने सभी से अपील की कि समूहों को जो ऋण प्रदान किया जाता है, उसे समय पर चुकाएं, ताकि समूह की साख बनी रहे और भविष्य में किसी प्रकार की समस्या न आए। कलेक्टर ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं को कल्याणी योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना, मुख्यमंत्री कृषक उद्यमी योजना, असंगठित मजदूर कल्याण योजना सहित अनेक योजनाओं की जानकारी दी और सभी से कहा कि इनका लाभ लें। उन्होंने स्व-सहायता समूह की महिलाओं से कहा कि वे हथकरघा, दूध डेयरी, अगरबत्ती, सेनेटरी नैपकिन आदि का कार्य प्रारंभ कर सकती हैं। इसके साथ ही स्व-सहायता समूह की महिलाओं को स्कूल के बच्चों की ड्रैस तैयार करना, पोषण आहार, राशन दुकान संचालन आदि कार्यों की जिम्मेदारी भी दी जा रही है। इसलिए महिलाएं पूर्ण उत्साह से कार्यों में भागीदारी सुनिश्चित करें और आत्मनिर्भर बनें।
कार्यक्रम में कलेक्टर राहुल जैन ने महिलाओं को बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं स्वच्छ भारत मिशन को समूह के उद्देश्यों में शामिल करने को कहा। उन्होंने कहा कि समूह के कार्य संचालन के लिए जो 12 सूत्रों को अपनाया गया है, जिसमें स्वच्छता, पोषण, अनिवार्य शिक्षा, पात्रता की पहुँच, लेखा-जोखा, पर्यावरण संरक्षण आदि शामिल हैं। इसके साथ ही अब बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं स्वच्छ भारत मिशन को भी समूह के उद्देश्यों में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि आज प्रत्येक क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़ रही हैं। हमें अपनी सोच को विकसित करना है। बेटियों को पढ़ाना है और उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करना है। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम वर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित स्व-सहायता समूह की महिलाओं से कहा कि महिलायें सभी क्षेत्रों में आगे बढ़कर कार्य कर रही हैं। सभी स्व-सहायता समूह की महिलायें आत्म निर्भर होकर कार्य करें और अन्य लोगों को भी प्रेरित करें। उन्होंने कहा सभी शासन की योजनाओं का लाभ लें। जिस प्रकार महिलाएं घर को चलाती हैं, उसी निष्ठा से घर के बाहर निकलकर अपना अस्तित्व पहचानें और अपनी पहचान बनाएं।

ग्राम में खुलेगा आजीविका प्रशिक्षण एवं उत्पादन केन्द्र
डबरा विकासखण्ड के कल्याणी ग्राम में सामुदायिक भवन में आजीविका प्रशिक्षण एवं उत्पादन केन्द्र खोला जाएगा। इसके साथ ही मुरार, भितरवार, घाटीगाँव विकासखण्ड में भी इस प्रकार का केन्द्र खोला जाएगा। इसके माध्यम से स्व-सहायता समूह की महिलाओं को आजीविका प्रशिक्षण दिया जायेगा और उत्पादन के लिए स्थान उपलब्ध होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *