नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में जीत से अब भाजपा में अब नए मुख्यमंत्री के नाम को लेकर हलचल तेज हो गई है। नए मुख्यमंत्री की रेस में नई दिल्ली सीट से जीते प्रवेश वर्मा, दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, बांसुरी स्वराज, स्मृति ईरानी, नूपुर शर्मा, रोहिणी से भाजपा विधायक विजेंद्र गुप्ता, सतीश उपाध्याय छह बार के भाजपा विधायक मोहन सिंह बिष्ट और सांसद मनोज तिवारी समेत कई नाम शामिल हैं। हालांकि, मुख्यमंत्री के नाम पर फैसला भाजपा विधायक दल सर्वसम्मति और भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व की सहमति से होगा। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 फरवरी को विदेश यात्रा से लौटने के बाद ही दिल्ली के नए मुख्यमंत्री का चयन होने की संभावना है। भाजपा इस बार भी बिना कोई चेहरा घोषित किए विधानसभा चुनाव में उतरी थी। दिल्ली की 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में भाजपा ने 48 सीट पर जीत दर्ज की है। वहीं आम आदमी पार्टी (आप) को 22 सीट मिली हैं, जबकि कांग्रेस 2015 और 2020 के बाद एक बार फिर अपना खाता नहीं खोल पाई।

भाजपा विधायकों ने संसद भवन में जेपी नड्डा के कार्यालय में उनसे मुलाकात की। भाजपा विधायकों ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी की बड़ी जीत के बाद वे जेपी नड्डा से मिलना चाहते थे। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फ्रांस और अमेरिका की यात्रा से लौटने के बाद भाजपा के विधायक दल की बैठक होने की संभावना है।

BJP विधायकों ने जेपी नड्डा से की मुलाकात
दिल्ली भाजपा के कई नवनिर्वाचित विधायकों ने मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की। इस मुलाकात को शिष्टाचार मुलाकात बताया जा रहा है। इस मुलाकात के बाद कई विधायकों ने कहा कि बैठक में विधायक दल की बैठक या मुख्यमंत्री पद के लिए संभावित विकल्पों पर कोई चर्चा नहीं हुई।

पंजाब की कानून-व्यवस्था अधिकांश राज्यों से बेहतर- भगवंत मान
पंजाब के सीएम भगवंत मान ने दावा किया कि सूबे की कानून-व्यवस्था अधिकांश राज्यों से बेहतर है। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा नहीं होता तो फिर यहां इंडस्ट्री क्यों आती? बॉर्डर स्टेट होने के कारण हमें ज्यादा प्रयास करने पड़ते हैं। हम वह कर रहे हैं।

केजरीवाल ने दिल्ली में AAP का सफाया कर दिया, अब पंजाब की बारी- BJP सांसद
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में अपनी पार्टी का सफाया कर दिया, अब पंजाब की बारी है। हम समझ नहीं पा रहे हैं कि कांग्रेस और आम आदमी दोस्त हैं या दुश्मन। दोनों ही INDI गठबंधन में एक दूसरे के साथ हैं लेकिन ये लोग हर दिन एक दूसरे को बदनाम करते रहते हैं। ये लोग क्यों नहीं यह साफ कर देते कि ये दोस्त हैं या राजनीतिक विरोधी…

कुछ लोग पंजाब को अपना निजी ATM मानने लगे- स्वाति मालीवाल
राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल ने कहा कि कुछ लोग पंजाब को अपना निजी ATM मानने लगे हैं। पंजाब के लोगों और विधायकों में काफी गुस्सा है। अरविंद केजरीवाल ने अपने गुंडे विभव कुमार को भगवंत मान के मुख्य सलाहकार के तौर पर नियुक्त करवा दिया है। क्या पंजाब से लूटा पैसा अब दिल्ली आ रहा है? अरविंद केजरीवाल ने पंजाब के लिए किया क्या है?

पंबाज के नेताओं को केजरीवाल ने बोला थैंक्यू- AAP पंजाब अध्यक्ष
AAP पंजाब अध्यक्ष एवं पंजाब मंत्री अमन अरोड़ा ने कहा- पंजाब के कई नेताओं ने दिल्ली चुनाव के दौरान बहुत मेहनत की। इसके लिए अरविंद केजरीवाल ने सबको धन्यवाद दिया है। अरविंद केजरीवाल हर 4 से 6 महीने में पंजाब से हम सभी को बुलाते हैं और बैठक करते हैं। हमने पंजाब में दिल्ली मॉडल को दोहराया है। हमने इस बात पर चर्चा की कि हम अपने मॉडल को जमीनी स्तर तक और कैसे ले जा सकते हैं।

हम ‘शीश महल’ को भ्रष्टाचार का संग्रहालय बना देंगे : योगेंद्र चंदोलिया
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने आज कहा ‘शीश महल’ के मुद्दे पर कहा कि भाजपा का मुख्यमंत्री ‘शीश महल’ में क्यों रहेगा? हम इसे भ्रष्टाचार का संग्रहालय बना देंगे ताकि दिल्ली की जनता देख सके कि केजरीवाल ने क्या किया है। भाजपा का कोई भी मुख्यमंत्री या मंत्री ‘शीश महल’ के आसपास भी नहीं जाएगा। योगेंद्र चंदोलिया ने दिल्ली के कपूरथला हाउस में हो रहीपंजाब के ‘आप’ विधायकों की बैठक पर कहा कि दिल्ली की जनता ने अरविंद केजरीवाल का अहंकार चकनाचूर कर दिया है। वह रिमोट कंट्रोल से पंजाब सरकार चला रहे थे। अब उन्हें पता है कि पंजाब के विधायक संतुष्ट नहीं हैं और मुख्यमंत्री भी आश्वस्त नहीं हैं। इस बात की संभावना बहुत कम है कि भगवंत मान मुख्यमंत्री बने रहेंगे या आप की सरकार (पंजाब में) चलती रहेगी।