सागर । समाधि सम्राट, संत शिरोमणि 108 आचार्य श्री विद्यासागर महामुनिराज की पावन समाधिस्थली श्री चंद्रगिरी महातीर्थ, डोंगरगढ़ (छ.ग.) में गुरुदेव के महाप्रयाण समाधि के 1 वर्ष पूर्ण होने पर 1 फरवरी से 6 फरवरी तक भव्य धार्मिक अनुष्ठान्न सहित अन्य कार्यक्रमो का आयोजन शुरू हो गया है। आचार्य भगवान का प्रथम समाधि स्मृति महामहोत्सव का मुख्य कार्यक्रम 06 फरवरी को निर्यापक मुनि श्री समता सागर महाराज सहित कई मुनि और आर्यिका संघों के सानिध्य एवं भारत सरकार के गृह मंत्री अमित शाह के मुख्य आतिथ्य में होगा।

मुनि सेवा समिति के सदस्य मुकेश जैन ढाना ने बताया कि आचार्य श्री विद्यासागर महाराज की समाधि 18 फरवरी कि ब्रह्म मुहूर्त में सुबह 2:30 बजे हुई थी। तिथि के हिसाब से प्रथम समाधि दिवस 6 फरवरी को पड़ेगा। उस हिसाब से मुख्य कार्यक्रम चंदगिरी डोंगरगढ़ में हो रहा है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए भारत भर से लोग समाधि स्थल पर पहुँच रहे हैं। उत्तर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य नवीन जैन इस कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि होंगे। इस अवसर पर। छत्तीसगढ़ सरकार के मुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों के कार्यक्रम में पहुँचने की स्वीकृति हो चुकी है।

प्रदेश में कई जगह कार्यक्रम

सतना में आचार्य श्री समय सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में प्रथम समाधि दिवस हजारों भक्तों की उपस्थिति में कार्यक्रम होगा। राजधानी भोपाल में मुनिश्री प्रमाण सागर महाराज के सान्निध्य में 6 फरवरी को  कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और उनकी कैबिनेट के कई मंत्री और अन्य राजनेता शामिल हो रहे है जबकि जहां जहां मुनि संघ और आर्यिका संघ विराजमान हैं। वहां पर भी यह कार्यक्रम होंगे।

सागर जिले की राहतगढ में मुनि श्री योग सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में 6 फरवरी को कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उधर 6 फरवरी को डोंगरगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सागर से भाग्योदय के सभी ट्रस्टी और पदाधिकारी जा रहे हैं। सागर में समाधि दिवस का कार्यक्रम 16 से 18 फरवरी के बीच में भाग्योदय तीर्थ में होगा।