ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के औघोगिक क्षेत्र मालनपुर में प्रिया गोल्ड बिस्किट फैक्ट्री में आज सुबह भीषण आग लग गई। एक फैक्ट्री कर्मचारी की दम घुटने से मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट से आग लगी। इस दौरान में एक कर्मचारी सूरज बाथम की दम घुटने से मौत हो गई। घटना के समय फैक्ट्री में 76 कर्मचारी काम कर रहे थे, जिन्हें आग और धुएं को देखकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
भिण्ड जिले का मालनपुर बड़ा इंडस्ट्रीयल एरिया है। जहां पर आग लगी है, वहां आसपास कई फैक्टरियां संचालित हो रही हैं। सुबह 5 बजे मौके पर पहुंचे भिण्ड जिले के गोहद के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व (एसडीएम) पराग जैन को फैक्ट्री प्रबंधन ने बताया था कि सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, दमकल कर्मचारियों को आग बुझाते समय एक व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला था। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फैक्ट्री में करोड़ों का नुकसान हुआ है। अचानक आग लगने के कारणों की जांच प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन कर रहे हैं।
फैक्ट्री कर्मचारी भरत सिंह के अनुसार, सूरज रात 7 बजे से सुबह 7 बजे तक की नाइट शिफ्ट में ड्यूटी कर रहा था। सुबह जब आग लगने की सूचना मिली तो वह भी घटनास्थल पर पहुंचा। दोपहर करीब डेढ़ बजे तक दमकलकर्मियों ने आग पर कुछ हद तक काबू पा लिया। जिसके बाद फैक्ट्री के अंदर जाकर देखा तो सूरज बाथम का झुलसा हुआ शव मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव का पोस्टमॉर्टम गोहद अस्पताल में कराया जा रहा है।