ग्वालियर में डेंगू से 9 साल के बच्चे की मौत हो गई है। मृतक का नाम कुंज उर्फ अयांश पुत्र पवन श्रीवास्तव निवासी दर्पण कॉलोनी थाटीपुर बताया गया है। अयाँश घर में इकलौता था और तीसरी कक्षा का छात्र था।

बताया गया है कि 7 अक्टूबर को उसकी हालत अचानक बिगड़ी तो परिजन ने उसे गोला का मंदिर स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां ब्लड की जांच रिपोर्ट में आयांश डेंगू पॉजिटिव पाया गया था। इस दौरान उसका ऑक्सीजन लेवल लगातार गिर रहा था और प्लेटलेट्स भी लगातार कम हो रहीं थीं। शनिवार को डॉक्टर्स ने उसे दिल्ली रैफर किया था। दिल्ली जाते वक्त अयांश ने धौलपुर में दम तोड़ दिया था। अयांश को जिस एंबुलेंस में दिल्ली ले जाया जा रहा था, उसमें मौजूद डॉक्टर्स ने अयांश को मृत घोषित कर दिया था। बताया गया है कि अयांश घर में इकलौता था और बीते 6 अक्टूबर को उसका जन्मदिन था। इकलौता होने के चलते अयांश माता – पिता का लाड़ला था। अयांश की मौत के बाद माता – पिता का बुरा हाल है। पीक पीरियड में डेंगू से मरने वालों की संख्या ग्वालियर में 2 हो गई है। इससे पहले हरिशंकरपुरम निवासी विवेक यादव की डेंगू से मौत हो चुकी है। गौरतलब है कि जनवरी 2024 से रविवार तक 14706 मरीजों की जांच में 990 मरीज डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं।