इंदौर। शहर पर छाए बादलों के छंटते ही गर्मी (heat ) ने फिर रफ्तार पकडऩा शुरू कर दी है। कल एक बार फिर दिन का पारा 40 डिग्री के करीब पहुंचा, वहीं पहली बार रात का पारा 28 डिग्री पर पहुंचा। इसके कारण दिन के साथ ही रात को भी लोग गर्मी से बेहाल नजर आए। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आज से अगले 10 दिन इंदौर में भीषण गर्मी का दौर देखने को मिलेगा, जिसमें तापमान 43 डिग्री जाने का अनुमान है।
विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले दिनों में भी शहर के आसमान पर हल्के बादल रहेंगे, लेकिन इससे गर्मी का असर कम नहीं होगा। आज और कल तापमान 40 से 41 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, वहीं इसके बाद तापमान लगातार 27 मई तक 42 से 43 डिग्री के बीच बना रहेगा और कभी इससे आगे भी जा सकता है। रात का तापमान भी 27 से 29 डिग्री के बीच बना रहेगा। जिससे दिन और रात के समय लोगों को गर्मी से परेशान होना पड़ेगा। 28 मई के बाद तापमान में कमी देखने को मिलेगी।
रात का तापमान सामान्य से 3 डिग्री ज्यादा
विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 39.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री कम लेकिन परसों की अपेक्षा 1.2 डिग्री ज्यादा था, वहीं रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री रहा, जो सामान्य से और परसो की अपेक्षा 3 डिग्री ज्यादा था। इस दौरान हवाओं की दिशा दक्षिण-पश्चिमी रही और अधिकतम रफ्तार 33 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची।