मध्य प्रदेश के मंडला जिले में सांप ने दो नाबालिग सगी बहनों को काट लिया। दोनों बहनें अपने परिजनों के साथ घर के आंगन में सो रहीं थी। सांप के काटने से दोनों की हालत बिगड़ गई। परिजन इलाज के लिए उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां एक बहन की मौत हो गई। दूसरी बहन की हालत गंभीर देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
मेडिकल अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। एक साथ दो मौतों से परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सांप के काटने से नाबालिग बहनों की मौत की खबर से गांव में कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया। गांव में दोनों का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मामला मंडला जिले के निवास तहसील के खरखरा गांव का है। यहां दो सगी नाबालिग बहनों की मौत के बाद से गांव में मातम पसरा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, खरखरा गांव के स्कूल टोला में कृपाल सिंह कुढ़ापे अपनी पत्नी, दो बेटी और एक छोटे बेटे के साथ रहता है। 12 मई की रात मे कृपाल अपने परिवार के साथ खाना खाकर 8 वर्षीय परी कुड़ापे और 12 वर्षीय नव्या कुड़ापे, अपने भाई और माता पिता के साथ सो रहे थे। तभी धामन प्रजाति का जहरीला सांप नाबालिग बहनों के बिस्तर में चला गया और नव्या और परी के पैर में काट दिया।
सांप के काटने पर दोनों बहनों को कोई भी एहसास नही हुआ। अचानक कुछ घंटों बाद एक के बाद एक दोनो बहनों को उलटी होने लगी। तभी पिता ने उठकर देखा की पास में ही जहरीला धामन प्रजाति का लगभग चार फुट लंबा सांप बैठा हुआ था। उसने लाठी से सांप को मौत के घाट उतार दिया। आनन फानन में निजी वाहन से दोनों बहनों को निवास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर निवास डॉक्टर विजय पैगवार ने चेकअप के दौरान 8 वर्षीय परी कुडापे को मृत घोषित कर दिया। वहीं, नव्या की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वहां पहुंचने से पहले ही नव्या ने भी रास्ते में दम तोड दिया। शवों का पोस्टमार्टम कर गांव में अंतिम संस्कार किया गया।