भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा चुनाव जीतने के बाद अब एक्शन में आ गई है। चुनाव के दौरान भाजपा प्रत्याशियों का साथ नहीं देने वाले या उनके खिलाफ काम करने वाले लोगों को बाहर का रास्ता दिखाया जाने लगा है। धार में नगर पालिका अध्यक्ष समेत चार पार्षदों को छह साल के लिए निष्कासित किया गया है।

जिला मीडिया प्रभारी ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी संगठन ने भारतीय जनता पार्टी के अधिकृत उम्मीदवारों के खिलाफ काम करने पर धार नगर पालिका अध्यक्ष नेहा बोडा, उपाध्यक्ष मयंक महल सहित चार पार्षदों रवि मेहता, लक्ष्मण पटेल, पूजा जितेंद्र अग्रवाल, छगन परमार, अनिता विशाल सिसौदिया को 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्काषित कर दिया है।

इसके अलावा धार के 17 मंडल व मोर्चा पदाधिकारियों को भी निष्क्रिय रहने के चलते तत्काल प्रभाव से पद मुक्त कर दिया गया है। भाजपा धार ग्रामीण मंडल कार्यकारिणी एवं किसान मोर्चा, महिला मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा, अजा मोर्चा, अजजा मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा सभी के मंडल अध्यक्ष एवं कार्यकारिणी भंग कर दी गई है। साथ ही दिग्ठान मंडल अध्यक्ष को छोड़कर मंडल कार्यकारिणी एवं सभी मोर्चो की मंडल कार्यकारिणी भी भंग की गई।