आगरा । मध्य प्रदेश भोपाल की रहने वाली 23 साल की एक महिला सोशल मीडिया के हीरो के चक्कर में अपने पति को छोड़कर आगरा चली आई, लेकिन यहां उसे प्यार में धोखा मिल गया। 2 दिन रहने के बाद उसे भोपाल वापस पति के पास जाना पड़ा। आरोपी ने उसे दो दिन तक होटल में रखा था और उसके पैसे लेकर फुर्र हो गया। महिला ने पुलिस को सूचना दी तो पुलिस उसे आशा ज्योति केंद्र छोड़ आई। उसकी काउंसलिंग के बाद पति को बुलाकर उसके सुपुर्द कर दिया गया।
आशा ज्योति केंद्र की काउंसलर अर्शी नाज ने बताया कि 2 दिन पहले डायल-112 पुलिस ने गिरजा नाम की महिला और बच्चे को यहां रखवाया था। महिला ने बताया कि 3 साल पहले उसने लव मैरिज की थी। उसका डेढ़ साल का एक बच्चा है। उसे रील बनाने का बहुत शौक था। आगरा जिले के फतेहाबाद का रहने वाला युवक रील बनाता था। उसकी रील को वह लाइक करती रहती थी। इसके बाद दोनों में लगातार बातें होने लगीं। दोनों में प्यार पनप गया। अपने प्यार को पाने के लिए महिला पति के घर को छोड़कर अपने बच्चे को लेकर आगरा आ गई।
2 दिन तक होटल में रखा
गिरजा ने काउंसलर को बताया कि वह युवक की रील्स लाइक करती रहती थी। लाइक करते-करते उसे युवक से प्यार हो गया। युवक का प्यार हासिल करने के लिए अपने पति के घर से 40 हजार रुपये और अपने डेढ़ साल के बच्चे को लेकर आगरा आ गई। युवक ने उसे एक होटल में ठहराया। दो दिन तक दोनों होटल में रुके। इसके बाद वह उसे शादी का इंतजाम करने के नाम पर पैसे ले गया। फिर लौटकर नहीं आया।
112 पर किया था कॉल
आशा ज्योति केंद्र की काउंसलर को महिला ने बताया कि युवक शुक्रवार की सुबह होटल के कमरे से ये कहकर गया कि वह शादी का इंतजाम करने के लिए जा रहा है। इसके एवज में वह उससे 40 हजार रुपये ले गया, लेकिन वह नहीं लौटा। शक होने पर उसने 112 पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। पुलिस उसे लेकर आशा ज्योति केंद्र पहुंच गई। यहां वह दो दिन तक रुकी। काउंसलिंग के बाद उसके पति को भोपाल से आगरा बुलाया और उसके सुपुर्द कर दिया। महिला अपने पति के साथ भोपाल लौट गई है।