ग्वालियर। घर-घर तिरंगा अभियान के तहत ग्वालियर जिले में भी हर घर पर तिरंगा फहराया जायेगा। इसके लिये लोगों में अपार उत्साह है ग्वालियर में लगभग 4 लाख तिरंगे फहराये जायेगे। इसके लिये ५० हजार तिरंगे केन्द्र से प्राप्त हो रहे हैं, बाकी तिरंगे यहीं यहीं तैयार कर वितरित किये जायेंगे। उक्त जानकारी आज ग्वालियर कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने पत्रकारों से चर्चा के दौरान दी। इस मौके पर जिला पंचायत सीईओ आशीष तिवारी व अपर कलेक्टर एचबी शर्मा उपस्थित थे।
कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि घर-घर तिरंगा अभियान की सफलता के लिये विभिन्न सामाजिक संगठनों , व्यवसायियों , कर्मचारियों व आम नागरिकों का भी सहयोग लिया जायेगा। इसके लिये विभिन्न शासकीय कार्यालयों , निगम वार्ड , स्कूल चौराहों पर भी तिरंगा ध्वज के लिये काउंटर लगायें जायेंगे। तिरंगे ध्वज का साइज २० गुणा ३० होगा और इसे आम जन के लिये २० रूपये में उपलब्ध कराया जायेगा।
कलेक्टर सिंह ने बताया कि केन्द्र के आजादी के महोत्सव के इस अभियान को लेकर आम लोगों मेें बेहद उत्साह है। इससे लोगों में निश्चित रूप से देश प्रेम , मातृभूमि के लिये अपने कर्तव्यों की जिम्मेदारी व राष्ट्र एकता की भावना भी विकसित होगी। इसके लिये लोगों से आग्रह है कि ध्वज को पूरे सम्मान के साथ फहरायेंगे और ध्वज संहिता का भी पालन करेंगे। एक घर पर एक ध्वज ही फहराया जायेगा। कलेक्टर सिंह ने बताया कि घर-घर तिरंगा अभियान के लिये सीईओ जिला पंचायत आशीष तिवारी की अध्यक्षता में एक समिति भी बनाई गई है।
कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव
जिला कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने इस मौके पर कोविड वैक्सीन अमृत महोत्सव की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत १८ वर्ष से प्लस सभी लोगों को निशुल्क प्रिकॉशन डोज लगाया जायेगा। इसके तहत वैक्सीनेशन महाअभियान २७ जुलाई, ३ अगस्त, १७ अगस्त ,३१ अगस्त ,१४ सितंबर एवं २८ सितंबर को आयोजित होगा।
कलेक्टर सिंह ने बताया कि यह प्रिकॉशन डोज १२ लाख ५६ हजार लोगों को लगाया जाना है। अभी तक कोविउ वैक्सीन के प्रथम व द्वितीय डोज लगने की संख्या ३५ लाख हो चुकी है। इस मौके पर सीएचएमओ डॉ. मनीष शर्मा भी उपस्थित थे।
डीपीटी /टीडी अभियान भी चलेगा
जिला कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह व सीएचएमओ डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि १६ अगस्त से ३१ अगस्त तक प्रदेश व्यापी डीपीटी/टीडी टीकाकरण अभियान भी ग्वालियर जिले में व्यापकता से चलेगा।
इस अवसर पर संयुक्त संचालक जनसंपर्क जीएस मौर्य व जनसंपर्क उप संचालक मधु शोलापुरकर भी उपस्थित थे।