कुशीनगर। उत्तरप्रदेश के कुशीनगर जिले के कसया थाने के गांव कुड़वा दिलीपनगर के सिसई टोला में आज सुबह जहरीली टॉफी खाने से एक ही परिवार के चार बच्चों की मौत हो गई। सुबह बच्चे सोकर उठे और घर के बाहर निकले तो उन्हें दरवाजे पर टाफियां व सिक्के मिले। बच्चों ने सिक्के और टाफी उठा लिए। बाद में बच्चों ने टाफी को खा ली जिसके बाद यह घटना हुई। मुख्यमंत्री योगी ने घटना पर दुख जताया है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मृत बच्चों की पहचान रसगुल की पुत्री संजना 6 वर्ष, स्वीटी 3 वर्ष, समर दो वर्ष और मायके आई रसगुल की बहन खुशबू के पुत्र आरुष पांच वर्ष के रूप में हुई है। मृत बच्चे अनुसूचित जनजाति परिवार के हैं।

घटना के संबंध में पजिनों का कहना है कि सुबह सात बजे बच्चे सोकर उठे और घर के बाहर आए तो दरवाजे पर टाफी और सिक्के बिखरे मिले। बच्चों ने सिक्के टाफी बटोर लिए। टाफी खाते ही बच्चे अचेत हो गए। अस्पताल तक पहुंचते-पहुचते उनकी मौत हो गई। टाफियां इस कदर जहरीली थीं कि रैपर पर बैठ रही मक्खियों की भी मौत हो जा रही थी।

परिजन ने गांव के ही प्रेम, चैबस, बाला प्रसाद पर पुरानी रंजिश को लेकर हत्या करने का आरोप लगाया है। दूसरी ओर घटना की जानकारी आम होते ही अधिक संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। एसडीएम कसया वरुण कुमार पांडेय ने मौके पर पहुंचकर घटनाक्रम के संबंध में जानकारी प्राप्त की। एसडीएम ने बताया कि बहुत दुःखद घटना है। इसकी गहनता से छानबीन कराई जा रही है। जांच के बाद जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध कठोर कारवाई होगी।

बच्चों की टाफी खाने से हुई मौत के मामले का मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया। घटना पर दुख व्यक्त करते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को भी तत्काल सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।

घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने खोजी कुत्तों की मदद से 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस पकडे गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है।