भोपाल ! मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12 वीं की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। परीक्षा परिणाम 65.94 प्रतिशत रहा।
स्कूल शिक्षा मंत्री पारस जैन ने परिणामों की घोषणा की। परीक्षा में 65 प्रतिशत से अधिक नियमित और 29 प्रतिशत से अधिक स्वाध्यायी परीक्षार्थी सफल रहे। पिछली बार की तुलना में इस बार का रिजल्ट 00.06 प्रतिशत ज्यादा रहा है। इस बार भी लड़कियों ने बाजी मारी है। यानी 69.42 प्रतिशत लड़कियां, जबकि 63.30 प्रतिशत लड़के पास हुए। स्वाध्यायी में 28.53प्रतिशत लड़के, जबकि 31.36 प्रतिशत लड़कियां सफल रहीं। सरकारी स्कूलों का परिणाम 66 प्रतिशत से अधिक और निजी स्कूलों का परिणाम 64 प्रतिशत से अधिक रहा।
12 वीं की परीक्षा राज्य में 3722 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। एक लाख 97 हजार से अधिक विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण हुए हैं। 1329 नियमित छात्रों के परिणाम अंकों की पुष्टि नहीं होने के कारण बाद में घोषित किए जाएंगे।
कला संकाय की वाणिज्य सूची में मंडला की प्रतिज्ञा ठाकुर अव्वल रही हैं जबकि विज्ञान गण्ाित समूह में हरदा की ज्योति पिता उमाशंकर अव्वल रही हैं। वाणिज्य समूह में रतलाम की राशि सोनी ने प्रदेश में पहला स्थान पाया है। इंदौर के अनिमेष जैन ने भी वाणिज्य समूह में राशि के साथ संयुक्त रूप से स्थान पाया है। दोनों को 477-477 अंक मिले हैं। कृषि संकाय में पहला स्थान दमोह के जीतेंद्र पटेल ने, ललित कला और गृह विज्ञान में खंडवा की आफरीन और जीव विज्ञान संकाय में सिंगरौली के अभिषेक सिंह चौहान ने पहला स्थान पाया है। सभी टॉपर को एक दिन पहले ही भोपाल बुला लिया गया था। यहां उन्हें मेडल दिए गए।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश में बारहवीं की बोर्ड परीक्षा में सफल होने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की है। अच्छे प्रयासों के बावजूद अपेक्षित सफलता प्राप्त नहीं कर पाये विद्यार्थियों से उन्होंने कहा कि यह सिर्फ परीक्षा है। पूरा जीवन सामने है। सफलता के कई मौके मिलेंगे। विफलता स्थाई नहीं होती। चौहान ने सफल हुए बच्चों के अभिभावकों, सगे-संबंधियों को भी बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को भी बधाई देते हुए उनके मार्गदर्शन की सराहना की।
RELATED VIDEOS