भाेपाल : मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सत्यदेव कटारे का लंबी बीमारी के बाद मुंबई के हीरानंदानी हॉस्पिटल में निधन हो गया। कटारे अटेर विधानसभा क्षेत्र से विधायक थे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष नंद कुमार चौहान ने कटारे के निधन पर दुःख व्यक्त किया है। श्री चौहान ने कहा है कि कटारेजी ने राजनीति में मापदंडों की स्थापना की है।उनके निधन से मप्र को अपूरणीय क्षति हुई है।
कटारे भिंड जिले की अटेर विधानसभा सीट से विधायक थे। इलाज के लिए उन्हें पिछले दिनों न्यूयॉर्क भी ले जाया गया था। इसके बाद उनकी हालत कुछ सुधरी थी। हालांकि कुछ समय से उनकी तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें मुंबई के अस्पताल में दाखिल कराया गया था। 15 फरवरी 1955 को जन्मे कटारे ने विधि विषय में स्नातकोत्तर उपाधि हासिल की थी। युवा कांग्रेस से अपना राजनीतिक जीवन आरंभ करने वाले कटारे 1985 से 1990 तक प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव रहे।
इसके बाद वे मोतीलाल वोरा के शासन में 1989 से 1990 तक परिवहन और जेल के सहायक मंत्री तथा दिग्विजय सिंह के शासनकाल में 1993 से 1995 तक वे गृह राज्यमंत्री रहे। कटारे 1995 से 1998 के दौरान खाद्य और नागरिक आपूर्ति मंत्री भी रहे। 2003 से 2008 तक वे भिंड के अटेर क्षेत्र के विधायक रहे कटारे 2008 विधानसभा चुनाव में हार गए थे। वह पिछले विधानसभा चुनाव में पुन: अटेर से विधायक चुने गए थे।