अशोकनगर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद नंदकुमारसिंह चौहान ने आज मुंगावली विधानसभा क्षेत्र के कुंदन वाटिका में बूथ कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुंगावली चुनाव की हंुकार भरी। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता जो संकल्प लेता है उसे वो पूरा करने के लिए प्राणप्रण के साथ जुट जाता है। मध्यप्रदेश में लगातार तीन बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार इस बात का उदाहरण है कि भाजपा का कार्यकर्ता जो ठान ले उसे पूरा करता है। मुंगावली उपचुनाव मध्यप्रदेश में हो रहे विकास के दम पर जीता जायेगा और कांग्रेस का हर बार की तरह सफाया होगा। सम्मेलन को पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा, प्रभारी मंत्री जयभान सिंह पवैया, वरिष्ठ मंत्री भूपेन्द्र सिंह, नरोत्तम मिश्रा ने भी संबोधित किया।
चौहान ने कहा कि मुंगावली का यह उपचुनाव विकास के नाम पर लड़ा जायेगा। इस चुनाव को भारतीय जनता पार्टी का कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ लड़ेगा। उन्होंने कहा कि इंसान की कीमत उसके काम से होती है। देश और प्रदेश में जो विकास हो रहा है वह भारतीय जनता पार्टी की सरकार की देन है। इस क्षेत्र के सांसद भाजपा सरकार की उपलब्धियों का सेहरा अपने सिर बांधने के लिए आतुर रहते है। विकास के काम भारतीय जनता पार्टी करती है और क्षेत्रीय सांसद भूमिपूजन और लोकार्पण के लिए घूमते है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में अब पूरा हिसाब चुकता करने का समय आ गया है। लोकतंत्र में अब कोई राजा, महाराजा नहीं है। प्रदेश की शिवराज सरकार ने गरीबों के मकान बनाने के लिए डेढ़ लाख रूपए दे रही है। पहले कांग्रेस सरकार में इंदिरा आवास के नाम पर 10 हजार रूपए देकर गरीबों का मजाक उड़ाया जाता था।
राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व सांसद प्रभात झा ने कहा कि सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया दलित विरोधी है। इन्होंने दलित विधायक गोपीलाल जाटव का अशोकनगर में अपमान किया है इसको जनता कभी नहीं भूलेगी। अब समय आ गया है विकास का बंद पिटारा खुलेगा। उन्होंने कहा कि उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जीत सुनिश्चित है। साथ ही इस संसदीय क्षेत्र की आठों सीटे भारतीय जनता पार्टी जीतेगी।
प्रभारी मंत्री जयभान सिंह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की देश और प्रदेश में सरकार है। हर क्षेत्र का समुचित विकास हुआ है, लेकिन मुंगावली और चंदेरी का विकास अधूरा है। भारतीय जनता पार्टी की जीत से मुंगावली क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त होगा। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि मुंगावली क्षेत्र विकास से वंचित है। यहां के सांसद विकास की बात करते है। उनसे पूछा जाना चाहिए कि यहां के सांसद और विधायक ने अभी तक क्या विकास किया है ? यह उपचुनाव विकास के दम पर लडा जायेगा। भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि उपचुनाव दुखद संयोग से होते है। चुनाव इस स्थिति में हो रहा है कि देश में कांग्रेस ढंूढे से नहीं मिल रही है। यहां मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं की एकजुटता कांग्रेस का इस चुनाव में सफाया करेगी। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष अरविन्द भदौरिया, प्रदेश महामंत्री बंशीलाल गुर्जर, शैलेन्द्र बरूआ, जिला अध्यक्ष जयकुमार सिंघई सहित अशोकनगर, गुना एवं शिवपुरी जिले के विधायक, पार्टी पदाधिकारी एवं मतदान केन्द्र कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *