उज्जैन मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने की रात को उज्जैन सिंहस्थ मेला क्षेत्र में स्थित विभिन्न अखाड़ों की छावनियों में जाकर अखाड़ा प्रमुखों, श्रीमहन्तों एवं उपस्थित साधु-सन्तों से चर्चा कर सिंहस्थ व्यवस्थाओं के बारे में अवगत कराया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बड़नगर रोड स्थित नया उदासीन अखाड़े में जाकर जखीरा प्रमुख मुख्य महन्त श्री भगतरामजी, सचिव श्री त्रिवेणीदासजी, अध्यक्ष श्री धुनीदासजी एवं श्रीमहन्त जगतारमुनिजी से भेंट की। साधु-सन्तों व अखाड़ा प्रमुखों, श्रीमहन्तों ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को पुष्पहार पहनाकर अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बड़नगर रोड स्थित निरंजनी अखाड़े की छावनी में जाकर श्रीमहन्त श्री प्रकाशपुरीजी से भी भेंट की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आनन्द अखाड़ा सहित अन्य अखाड़ों की छावनियों में जाकर भी साधु-सन्तों से भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया। उन्होंने सभी स्थान पर सिंहस्थ की व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने पंचायती बड़ा उदासीन अखाड़ा के श्रीमहन्त महेश्वरदासजी एवं अन्य महन्तों से भी आशीर्वाद लिया। इसके पहले उन्होंने भगवान श्री चंद्रदेवजी के मन्दिर में जाकर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह भी उपस्थित थीं। इस मौके पर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्री नरेंद्रगिरिजी महाराज, सचिव श्री हरिगिरिजी महाराज, महन्तश्री जयेंदरमुनि, महन्तश्री संतोषमुनि, महन्तश्री राममुनि, महन्तश्री निरंजनराममुनि से भी मुख्यमंत्री ने आशीर्वाद प्राप्त किया।