भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्लोबल वार्मिंग की वजह से धरती के बढ़ते तापमान पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा है कि भावी पीढ़ी को स्वच्छ पर्यावरण की सौगात देने के लिए पौधारोपण जरूरी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में नर्मदा नदी के तटों एवं बेसिन में रिकार्ड पौधारोपण कर प्रदेशवासियों ने दुनिया को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है। मुख्यमंत्री आज जबलपुर जिले के अंतर्गत लम्हेटाघाट में पौधारोपण करने के बाद उपस्थित अपार जन-समूह को संबोधित कर रहे थे। जबलपुर जिले में आज आमजनों ने एक दिन में ही 42 लाख से भी अधिक पौधे लगाये।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा नर्मदा कल-कल, छल-छल अविरल बहती रहे, इसलिए मैंने नर्मदा सेवा यात्रा के दौरान ही 2 जुलाई को नर्मदा के दोनों तटों पर व्यापक पौधारोपण का संकल्प लिया था। प्रदेश की जनता की व्यापक भागीदारी से पौधारोपण का यह कार्य आज मूर्तरूप ले रहा है। उन्होंने कहा कि जगह-जगह लोगों को पौधे लगाते देखकर खुशी हुई। मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से हाल ही में पेरिस में हुए समझौते का जिक्र करते हुए कहा कि सन् 2050 तक धरती का तापमान दो डिग्री सेल्सियस बढ़ जाएगा। इससे ग्लेशियर पिघलने लगेंगे, समुद्र उफन पड़ेंगे, गांव-टापू डूब जाएंगे। वर्षा चक्र अनियंत्रित हो जाएगा और मानव जाति के अस्तित्व पर संकट खड़ा हो जाएगा। पूरी दुनिया को जलवायु परिवर्तन की दुश्वारी से बचाने का प्रयास और संदेश देने का काम आज मध्यप्रदेश की धरती से हो रहा है।
प्रभारी मंत्री डॉ गौरीशंकर शेजवार ने प्रदेश में पौधारोपण को जनआंदोलन का रूप देने के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की। महामण्डलेश्वर स्वामी अखिलेश्वरानंद जी ने कहा कि लोगों में पौधारोपण के लिए गजब का उत्साह है। उन्होंने कहा कि पौधारोपण का वृहद् कार्य कर मुख्यमंत्री धरती का लोकमंगल कर रहे हैं। इसके पहले मुख्यमंत्री ने माँ नर्मदा की प्रतिमा का पूजन-अर्चन किया। मुख्यमंत्री चंदन का पौधा रोपकर महाभियान के सहभागी बने। पौध-रोपण के महाभियान में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता देखने को मिली। यहाँ नर्मदा तट के लम्हेटाघाट सहित जिले के कई स्थानों में आयोजित पौधारोपण के कार्यक्रम में हिन्दू, मुस्लिम, सिख, ईसाई समुदाय के लोगों ने पूरे उत्साह के साथ बढ़चढ़कर सहभागिता निभाई। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के आव्हान पर समाचार पत्रों के सम्पादक, प्रिंट व इलेक्ट्रानिक मीडिया के प्रतिनिधियों व पत्रकारों ने पौधारोपण किया और विश्व कीर्तिमान के साक्षी बने।
इस अवसर पर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौरीशंकर शेजवार, खनिज साधन, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री राजेन्द्र शुक्ल, विधायक श्रीमती प्रतिभा सिंह, अंचल सोनकर, नंदनी मरावी, सुशील तिवारी, अशोक रोहाणी, महापौर डॉ स्वाति सदानंद गोडबोले, भेड़ाघाट नगर पंचायत अध्यक्ष, महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद, महामण्डलेश्वर स्वामी श्यामदास, म.प्र. गौ संवर्धन बोर्ड के अध्यक्ष स्वामी अखिलेश्वरानंद, मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के उपाध्यक्ष एस.के. मुद्दीन सहित सभी धर्मों के धर्मगुरू एवं धर्माचार्य उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *