शिवपुरी। मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर से कांग्रेस विधायक व वरिष्ठ नेता केपी सिंह की नाराजगी कम होती नहीं दिख रही है। बुधवार को पिछोर में आयोजित सभा में केपी सिंह ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे राहुल गांधी वो भी चुनाव हार गए। ऐसे बहुत सारे नेता चुनाव हार गए जिनके बारे में कहते थे कि ये चुनाव नहीं हारेंगे। उसमें हमारे सिंधियाजी भी थे, वो भी चुनाव हार गए। उससे यह संदेश गया कि अब पब्लिक कांग्रेस के साथ नहीं है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में अब विधानसभा में बहुमत या किसी तरह से सरकार बन गई, तो इस मानसिकता के भय से बहुत बडा दबाव प्रशासनिक विभागों में नहीं बन पाया। वही पुरानी व्यवस्था, लूट खसोट, भ्रष्टाचार, अनाचार का वातावरण बना हुआ है। कुछ कमी आई है, लेकिन उतना असर नहीं हुआ है, जितना सरकार बनने के बाद होना चाहिए था। आज भी कांग्रेस से ज्यादा भाजपा के नेताओं को अधिकारी तबज्जों दे रहे है। लोगों को लगता ही नहीं कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस सरकार है।
केपी सिंह ने कहा कि कांग्रेस इस अहंकार में है कि वह 5 साल सरकार चला पाएगी। प्रदेश में आज भी अस्थिरता का माहौल है। प्रदेश में सरकार कांग्रेस की है, पर अधिकारी कर्मचारी ही नहीं मान रहे कि सरकार कांग्रेस की काम कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अधिकारी जरा भी महत्व नहीं देते।