बालाघाट/सिवनी । बालाघाट और सिवनी जिले में बेमौसम बारिश के बाद गुरुवार की रात को जमकर ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि का फसलों पर बुरा असर पड़ा है। इससे किसानों को चिंता बढ़ गई है। बालाघाट के बिरसा जनपद के कई गांवों में खेतों और सड़कों पर सफेद चादर बिछ गई। वहीं सिवनी जिले के 40-50 गांवों में बारिश और ओलावृष्टि हुई है।

बिरसा जनपद के गांव जंगला में खेतों से लेकर सड़क, घरों और खेतों तक बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। इसके अलावा अन्य गांवों से भी ओलावृष्टि की सूचना मिल रही है। मौसमी फसलों और सब्जी की खेती पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। दलहन की फसलों पर बुरा असर पड़ा है, ओले की मार से फसल खेतों में बिछ गई है। ग्राम मोहगांव के एक पीड़ित किसान ने बताया कि ओलावृष्टि बहुत ज्यादा हुई है, इससे खेती को नुकसान हुआ है।

जिले में बारिश के साथ ओलावृष्टि हुयी, जिससे जिले के कई गांवों की फसलों को नुकसान पहुंचा है। जिला कलेक्टर प्रवीण सिंह अढायच ने बताया कि बुधवार रात जिले के सभी आठ विकासखंडों में ओलावृष्टि हुई है। इसमें सबसे ज्यादा सिवनी प्रभावित हुआ है। अभी तक मिली जानकारी के अनुसार जिले के लगभग 40 गांव ओलावृष्टि से प्रभावित हुए है, जिससे किसानों की फसलों को भी नुकसान हुआ है। प्राथमिक तौर पर गुरुवार सुबह से ही राजस्व विभाग के अमले को जांच के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *