भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश ने विकास की ऊँची उड़ान भरी है। एक दशक की मेहनत के बाद अब मध्यप्रदेश इस स्थिति में पहुँच गया है कि हमारी क्षमता और प्रतिभा की चमक दुनिया को दिखा सके। श्री चौहान आज यहाँ ऐतिहासिक बड़ी झील के किनारे स्थापना दिवस के प्रदेशव्यापी मध्यप्रदेश उत्सव की समापन संध्या को संबोधित कर रहे थे। मध्यप्रदेश उत्सव का समापन संध्या यादगार हो उठी जब पुलिस बेंड इंदौर ने देशभक्ति के तरानों से अपनी स्वर लहरियों से वातावरण को जोशपूर्ण बना दिया। लेजर शो और रंगारंग आतिशबाजी से बड़ी झील के ऊपर का आकाश रंग-बिरंगा हो गया।
श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के विकास में हर नागरिक का योगदान अमूल्य है। उन्होंने नागरिकों से आव्हान किया कि वे बेटी बचाओ अभियान, ऊर्जा, पेड़ और जल संरक्षण अभियान में सक्रिय रूप से भागीदार बनें। स्वच्छ मध्यप्रदेश बनाने के अभियान में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि लोगों द्वारा अपने नागरिक कर्त्तव्यों का पालन करने से ही मध्यप्रदेश आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर गृह मंत्री श्री बाबूलाल गौर, पूर्व मुख्यमंत्री श्री कैलाश जोशी, महापौर श्रीमती कृष्णा गौर, मुख्यमंत्री श्री चौहान की धर्मपत्नी श्रीमती साधना सिंह, मुख्य सचिव श्री अंटोनी डिसा एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।