भोपाल। MADHYA PRADESH पुलिस हेडक्वार्टर ने कल ही एक सर्कुलर जारी करके स्पष्ट किया था कि पुलिस डिपार्टमेंट और नेताओं के बीच ऐसे संबंध नहीं होने चाहिए जो विभागीय कामकाज को प्रभावित करें और इसी के तत्काल बाद सागर में आईजी अनिल शर्मा का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का इंतजार करते नजर आए। इतना ही नहीं उनकी मौजूदगी में ऑन ड्यूटी पुलिस कर्मचारी ने वर्दी में होते हुए भाजपा नेताओं को चाय सर्व की।
वीडियो 2 जून का बताया जा रहा है। प्रदेश में सत्ता परिवर्तन के साथ सियासत के नुमाइंदों में उठा-पटक शुरू हो गई है। प्रशासनिक अधिकारी भी नेताओं की शरण में जाते नजर आ रहे हैं। यह सारा घटनाक्रम सागर-जबलपुर हाईवे पर बहेरिया थाने के पास का है। शर्मा सागर में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक निपटाकर जबलपुर जा रहे थे।
बताया गया कि जैसे ही शर्मा का काफिला हाईवे पर रुका, आईजी आवाभगत में लग गए। इस दौरान शर्मा कार में ही बैठे रहे। आईजी उनके पास गए और हाथ जोड़कर चाय पीने के लिए आग्रह किया। आईजी के आग्रह पर वीडी शर्मा कार से उतरे और अकेले में बात करने के बाद चाय पी। इस दौरान आईजी के साथ चाय-नाश्ता लेकर आए आधा दर्जन पुलिसकर्मी वर्दी में भाजपा कार्यकर्ताओं को चाय-नाश्ता सर्व करते रहे।
गौर करने वाली बात यह है कि सिविल सेवा अधिनियम 1965 के तहत किसी भी राजनीतिक दल के नेता को पुलिस अधिकारी आवभगत या स्वागत सत्कार नहीं कर सकता। बावजूद इसके अपने मातहत कर्मचारियों को लेकर सागर आईजी भाजपा नेताओं को चाय पानी परोसते नजर आए।