ग्वालियर। सांसद भिण्ड डॉ. भागीरथ प्रसाद ने भारत सरकार द्वारा पूरा खर्च वहन करते हुए सैनिक स्कूल स्थापित करने के लिए लोक सभा में प्रश्न उठाया| उन्होंने कहा भारतीय सेना में देश की सीमा की रक्षा करने के लिए सर्वाधिक जवान भेजनेवाले भिण्ड में शीघ्र सैनिक स्कूल की स्थापना की जाय| गुणात्मक शिक्षा के माध्यम से आज का सिपाही कल सेना का बड़ा अफसर होगा|
उन्होंने स्पष्ट किया की तत्कालीन रक्षा मंत्री श्री कृष्णा मेनन ने भारतीय सेना में गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा के आधार पर राष्ट्रीय गौरव वाली सेना बनाने के लिए सैनिक स्कूल की परिकल्पना की थी| अंग्रेजों के समय जातियों के आधार पर सेना का गठन किया गया था जो आज भी बरक़रार है| सैनिक स्कूल के माध्यम से ही रजवाड़ों एवं जातीय संरचना से भारतीय सेना की मुक्ति संभव थी| अतः सन 1961 से 71 तक विभिन्न राज्यों में 17 स्कूल बड़े उत्साह से स्थापित किय गये| परन्तु कालान्तर में यह योजना केंद्र सरकार की उपेक्षा का शिकार हो गई| परिणामस्वरूप विगत 46 वर्षों में केवल 9 स्कूल ही खोले गये| भारत सरकार ने सैनिक स्कूल भवन निर्माण का पूरा व्यय भार राज्य सरकारों पर डाल दिया| स्कूल संचालन एवं छात्रवृति में भी राज्य सरकार को जिम्मेदारी दे दी| फलस्वरूप इच्छुक राज्यों ने भी भारी वित्तीय जिम्मेदारी को देखते हुए हाथ खड़े कर दिये| केवल समझदार राज्यों जैसे हरियाणा, बिहार, कर्नाटक आदि ने एक से ज्यादा सैनिक स्कूल खोलकर सेना में अपने अफसरों की संख्या बढ़ा ली | वहीँ मध्य प्रदेश में सन 1962 में रीवा में एक सैनिक स्कूल स्थापित किया गया था| उसके बाद 55 सालों में राज्य मेंकोई स्कूल नहीं बना|
भिण्ड सांसद डॉ. प्रसाद ने आग्रह किया की भिण्ड के जवानों ने अपने शौर्य और बलिदान से भारतीय सेना को गौरवान्वित किया है|विश्वयुद्ध में जापान एवं अन्य फासीवादी ताकतों के विरुद्ध वीरतापूर्वक युद्ध करके भारत का नाम उज्जवल किया| यहाँ के जवानों ने देश की सीमा सुरक्षा में अपना जीवन नौछावर कर दिया| यहाँ घर घर वीरता सम्मान पदक रखे हुए हैं|भिण्ड के जवान डेढ़ सौ वर्षों से सिपाही बनकर अभी तक कदम ताल कर रहे हैं| उनकी वीरता एवं बलिदान भिण्ड में सैनिक स्कूल पाने का हकदार है| उल्लेखनीय है की भिण्ड के नौजवानों की मांग को सांसद ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सामने मुखर किया| हर्ष की बात है मुख्य मंत्री मध्य प्रदेश द्वारा भिण्ड में सैनिक स्कूल स्थापित करने की दिनांक 27 फरवरी 2016 को घोषणा की| भिण्ड में सैनिक स्कूल स्थापित करने की प्रक्रिया चल रही है| सदियों बाद भिण्ड को अपना हक मिलेगा |

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *