ग्वालियर। मध्यप्रदेश के भिण्ड जिला अस्पताल से हथकडी खोल कर भाग दुष्कर्म के आरोपी को भिण्ड जिले की मिहोना थाना पुलिस ने देर रात को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी दुष्कर्म के मामले में भिण्ड की जिला जेल में बंद था। जबियत बिगडने पर उसे 5 जून को भिण्ड अस्पताल में भर्ती किया गया था। कल सुबह कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया था। पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह ने बंदी की निगरानी के लिए लगाए गए 2 आरक्षक कृष्ण कुमार और विजय शर्मा को निलंबित कर दिया था।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि उत्तरप्रदेश के जालौन जिले के रेडर थाना क्षेत्र के कुसमरा निवासी 21 वर्षीय प्रधुम्न सिंह कुशवाह फरवरी माह में भिण्ड जिले के मिहोना में रिश्तेदारी में आया था। प्रधुम्न ने मिहोना में नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म किया और उसे अपने साथ भगा ले गया था। किशोरी के परिजन की शिकायत पर मिहोना पुलिस ने आरोपी पर अपहरण, दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया था। पुलिस ने 28 मई को आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद उसे भिण्ड न्यायालय में पेश किया। जहां से उसे भिण्ड जिला जेल भिजवा दिया गया था। जिला जेल में प्रधुम्न को 5 जून को उल्टी हुई तो उसमें खून आया। इससे उसे जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। ट्रॉमा सेंटर में प्रधुम्न की निगरानी के लिए रिजर्व पुलिस लाइन से पुलिस बल तैनात किया गया था। 6 जून की रात में निगरानी के लिए आरक्षक कृष्ण कुमार और आरक्षक विजय शर्मा की ड्यूटी थी। कल सुबह आरोपी प्रधुम्न सिंह किसी तरह से हथकडी निकालकर भाग निकला।
मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक मनोज सिंह ने दोनों आरक्षकों को लापरवाही बरतने के कारण निलंबित कर दिया था।