भोपाल। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा में कलेक्टर निधि निवेदिता द्वारा रविवार दिनांक 19 जनवरी 2020 को भाजपा नेताओं की पिटाई के विरोध में राजगढ़ में आयोजित भाजपा की विशाल रैली एवं आमसभा उस समय विवादित हो गई जब मंच से पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बद्री लाल यादव ने बेहद आपत्तिजनक बयान दे दिया।

भारतीय जनता पार्टी ने दिनांक 22 जनवरी 2020 को राजगढ़ कलेक्टर निधि निवेदिता के विरोध में रैली एवं आम सभा का आयोजन किया। इस रैली में पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह एवं नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव प्रमुख रूप से उपस्थित थे। 19 जनवरी 2020 को भारतीय जनता पार्टी की ओर से नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में रैली का आयोजन किया गया था। कलेक्टर निधि निवेदिता ने इस रैली को रोकने के लिए धारा 144 लगा दी थी। इसके बावजूद भाजपा ने अपनी रैली निकाली। इसी दौरान कलेक्टर निधि निवेदिता एवं डिप्टी कलेक्टर प्रिया वर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं को पीटा एवं उनके हाथ से तिरंगे झंडे छीन लिए। इसी घटना के विरोध में 22 जनवरी को रैली एवं आम सभा का आयोजन किया गया।

मंच से बयान देने के बाद जब पूर्व राज्य मंत्री एवं भाजपा नेता बद्रीलाल यादव से इस संदर्भ में बातचीत की गई तो उन्होंने फिर से अपना बयान दोहराया। उन्होंने कहा कि उनके बयान का अर्थ यह है कि कलेक्टर मैडम कांग्रेसी नेताओं को सपोर्ट करती है और भाजपा नेताओं को हतोत्साहित करती हैं। उन्होंने अपने शब्दों के लिए कोई खेद प्रकट नहीं किया।

कांग्रेस नेताओं ने इस टिप्पणी को सिर्फ कलेक्टर का नहीं, संपूर्ण महिला जगत का अपमान बताया और कहा कि यह टिप्पणी घोर आपत्तिजनक, निंदनीय और भाजपा की महिलाओं के प्रति सोच उजागर करने वाली है।

वहीं नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव ने मंच से कहा कि कलेक्टर ने जिस तरह से कार्यकर्ताओं को थप्पड़ मारे और लाठी चलवाई। इससे साबित होता है कि उसके अंदर गर्मी ज्यादा है। कमलनाथ सरकार के इशारे पर ये काम हो रहा है। सीएए का समर्थन कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट संविधान और भारत माता का अपमान है। जिस संविधान का वह विरोध कर रही हैं, उसी संविधान की वजह से निधि निवेदिता कलेक्टर हैं, वरना कहीं रोटी बना रही होतीं।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने ट्वीट करते हुए कहा कि भाजपा के पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक बद्रीलाल यादव का राजगढ़ कलेक्टर को लेकर दिया गया बयान अशोभनीय और निंदनीय है। यह बयान भाजपा की महिलाओं के प्रति सोच को भी उजागर करता है। उन्होंने भाजपा नेताओं से जानना चाहा है कि क्या ऐसे ही होगा महिलाओं का सम्मान।

कांग्रेस के प्रदेश प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने इसे बेहद शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि शिवराज जी, राकेश सिंह, गोपाल भार्गव की उपस्थिति में राजगढ़ में भाजपा सरकार में मंत्री रहे बद्रीलाल यादव एक महिला कलेक्टर के बारे में कितना गंदा बोल रहे है और ये सब मंच पर मुस्कुरा रहे है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *