केंद्रीय कपड़ा एवं सूचना प्रसारण मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने कहा कि सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका अहम है। वर्तमान समय में जनता जर्नादन की नब्ज के अनुरूप काम करने की आवश्यकता है। राजनीतिक और ब्यूरोक्रेट्स अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकते हैं। ई-गवर्नेस से जहां शासन और प्रशासनिक प्रणाली में सुधार आया है। वहीं जबावदेही भी बढ़ गई है।
केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी में फाउंडेशन कोर्स के प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि देश में सूचना क्रांति में तेजी आई है। इसके चलते सरकार पारदर्शी शासन देने में कामयाब हुई है। हालांकि अभी देश के कई गांव और कस्बे इस सुविधा से वंचित है, लेकिन आने समय में हर व्यक्ति को सूचना क्रांति का हिस्सा बनाया जाएगा।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि प्रशिक्षण के बाद सेवा की मुख्य धारा में जुड़ते ही आपको समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के विकास के बारे में सोचना और सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने की जिम्मेदारी लेनी होगी। प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करने के बाद स्मृति ईरानी दिल्ली के लिए रवाना हो गईं।