ग्वालियर। शिंदे की छावनी में मंगलवार दोपहर को एक बिल्डिंग का बेसमेंट खोदते समय उसकी मिट्टी भरभराकर गिर पड़ी। उस समय यहां पर 4 मजदूर काम कर रहे थे। वे कुछ समझ पाते, इसके पहले 15 फीट ऊपर से टनों मिट्टी भी गिरी, जिसमें चारों मजदूर दब गए। इसमें से एक मजदूर तो खुद ही मिट्टी हटाकर वहां से भाग गया। बाद में लोगों ने 2 मजदूरों को भी निकाल लिया, लेकिन एक मजदूर को काफी देर बाद बाहर निकाला, जिसने हॉस्पिटल में पहुंचते ही दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शिंदे की छावनी इलाके के नबाव साहब के कुएं के पास एक डॉक्टर राजीव दुबे की कई मंजिला बिल्डिंग बन रही है। इस बिल्डिंग के लिए बेसमेंट खोदने का काम भी किया जा रहा है। मंगलवार को यहां पर बेसमेंट खोदने में चार मजदूर, लक्ष्मी नारायण, विजय, बेताल और किशन काम कर रहे थे। अचानक इसी बेसमेंट में बनी मिट्टी की दीवार भरभराकर गिरने लगी। काम में लगे मजदूर कुछ समझ पाते, इसके पहले टनों मिट्टी उनके ऊपर गिरने लगी और वे दब गए। मिट्टी गिरने की आवाज भी जोर से आई और लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई।
इस बीच श्नीराम मजदूर मिट्टी से निकल आया और वहां से भाग गया, लेकिन 3 मजदूर मिट्टी में दबे हुए थे। लोगों ने फावड़े लेकर मिट्टी को हटाने का काम शुरू किया। मजदूर विजय के कंधे तक मिट्टी थी और बेताल के कमर तक। दोनों को लोगों ने आधे घंटे की मेहनत के बाद मिट्टी हटाकर बाहर निकाला और इलाज के लिए तुरंत हॉस्पिटल भेज दिया। इसके बाद नगर निगम कर्मचारी वहां से मिट्टी हटाने के लिए जेसीबी मशीन लेकर आए। इन लोगों ने चैथे मजदूर किशन को खोजने का काम शुरू कर दिया। मिट्टी हटाकर मजदूर किशन को खोजने में करीब 2 घंटे लगे, उसे बाहर निकाल कर तत्कल हॉस्पिटल भेजा गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उसकी दम घुटने से मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *