भोपाल : मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रत्येक बीमार व्यक्ति को इलाज मिलना उसका मौलिक अधिकार होना चाहिये। कल्याणकारी राज्य व्यवस्था में शासन की जिम्मेदारी है कि प्रत्येक व्यक्ति का उपचार हो। श्री चौहान आज इंडियन ऐसोसिएशन ऑफ डर्मेटोलॉजिस्ट, वर्नालॉजिस्ट एण्ड लेप्रोलॉजिस्ट की दो दिवसीय 20वीं स्टेट कान्फ्रेंस ‘क्यूटिकॉन – एम.पी. 2014’ को संबोधित कर रहे थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सुन्दर दिखना मानव की नैसर्गिक इच्छा है। इसी लिए निरोगी काया को पहला सुख माना गया है। त्वचा की देखभाल बहुत महत्वपूर्ण कार्य है। जिसमें चर्म रोग विशेषज्ञ की विशिष्ट भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने जरूरतमंद गरीब व्यक्ति के उपचार के लिये अनेक योजनाएँ संचालित की हैं। नि:शुल्क चिकित्सकीय परामर्श, जाँच और औषधि उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की है। गम्भीर रोगों के उपचार के लिये राज्य बीमारी सहायता एवं अन्य योजनाएँ संचालित हैं। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा सुलभ करवाने के प्रयास निरंतर जारी है। उन्होंने चिकित्सकों से पीड़ित मानवता की बेहतर सेवा के लिये निरंतर अनुसंधान और प्रयासों पर चिंतन-मनन की आवश्यकता बतायी। श्री चौहान ने कहा कि सुझावों और अनुसंधानों के निष्कर्षों को क्रियान्वित करने में राज्य सरकार पूर्ण सहयोग करेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संगठन के नये अध्यक्ष को पदभार ग्रहण भी करवाया।

प्रारम्भ में आर्गेनाइजिंग चेयरमेन डॉ. पी.एस. चन्देल ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। स्वागत साइंटिफिक समिति की अध्यक्षा डॉ. एन्ना एलेक्स ने किया। संचालन आर्गेनाइजिंग सेक्रेटरी डॉ. अनुराग तिवारी ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *