इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर के देवनगर में एक बदमाश ने घर के बाहर बैठी युवती पर ब्लेड से हमलाकर उसे घायल कर दिया। युवती का आरोप है कि बदमाश ने चेहरा बिगड़ने की कोशिश की है। उसने बदलना लेने के लिए ऐसा किया है। क्योंकि उसके बडे भाई ने उसके साथ छेडछाड और मारपीट की थी, जिसके आरोप में वह छह महीने से जेल में बंद था। इसी रंजिश में युवक ने हमला किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन बदमाश है। गुंडा अभियान में भी उस पर कार्रवाई की गई थी। उसे पकडकर जल्द ही जुलूस निकाला जाएगा।
देवनगर की गली नंबर – 4 में रहने वाली पीडिता की मां ने बताया कि गट्टी नामक बदमाश ने बेटी पर ब्लेड से हमला किया है। हमले में बेटी के चेहरे पर गंभीर घाव हुए हैं। दीपक यादव ने बेटी के साथ छेडछाड की थी। विरोध करने पर उन्होंने हमारे साथ मारपीट की थी। इस पर लोगों के कहने पर हमने थाने पर रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। मामले में आरोपी थाने पर बंद था। मेरे पति नहीं हैं, तीन बेटी और सास-ससुर हैं। आरोपी के माता-पिता और भाई आए दिन हमारे साथ गाली-गलौज करते थे। राजीनामा के लिए उन्होंने मेरे ससुर के साथ मारपीट भी की थी।
पुलिस के अनुसार युवती ने बताया कि वह शुक्रवार रात लाइट चली जाने के बाद घर के बाहर बैठी हुई थी। अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश किशन गट्टी ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में उसके गाल पर गंभीर चोट आई है।
पीडिता के अनुसार आरोपी के भाई के खिलाफ युवती ने छेडछाड का केस दर्ज करवाया था। इस मामले में वह छह महीने जेल में बंद था। इसी रंजिश में बदमाश ने युवती पर हमला किया। बदमाश आदतन अपराधी है और गुंडा अभियान में पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई थी।