ग्वालियर। मध्यप्रदेश के चंबल संभाग के भिण्ड जिले के लहार से आज कांग्रेस ने युवा और क्रांति सम्मेलन में भाजपा सरकार को उखाड फेंकने का आव्हान कर प्रदेश के मंदसौर में 6 किसानों की हत्या और किसानों द्वारा लगातार की जा रही आत्म हत्याओं के लिए प्रदेश सरकार के मुखिया शिवराज सिंह को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव मे उखाड फेंकने का आव्हान किया। कांग्रेस में चली आ रही गुटवाजी आज दिखाई नहीं दी। देश, प्रदेश के कांग्रेस के शीर्ष नेता एक साथ मंच पर दिखे। कार्यक्रम के संयोजक लहार से कांग्रेस विधायक एवं प्रदेश के पूर्व मंत्री डॉं. गोविन्द सिंह थे।
आमसभा को संबोधित करते हुए पूर्व केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिन्धिया ने कहा कि महात्मा गांधी ने किसानों की लडाई चम्पारण में जब लडी थी तब सरकार को नतमष्तक होना पडा था। आज ठीक 100 साल बाद एक वैसा ही न्याय का बातावरण मध्यप्रदेश में बना है। आज किसान पूरी तरह शोषित, पीडित, त्रस्त महसूस कर रहा हैं। इन किसानों की लडाई मध्यप्रदेश से शुरु से करनी होगी।6 जून का दिवस काला दिवस के रुप में मनाया जाएगा। उन किसानों की क्या गलती थी कि उनको गोलियों से भून दिया गया। क्या किसान अपनी जायज मांगों के लिए सरकार से मांग नहीं कर सकता। प्रजातंत्र में सरकार का दायित्व बनता है एक-एक अन्नदाता की रक्षा करना, एक-एक महिला की रक्षा करना, एक-एक युवा की रक्षा करना। सरकार उनकी रक्षा करने की जगह भक्षक बन गई। एक तरफ किसानों की हत्याये हो रही है और भाजपा सरकार उनके जान की कीमत लगा रही है। भाजपा जो हिन्दुतत्व की बात करती है, हिन्दू धर्म की बात करती है, हिन्दुस्तानी सभ्यता की बात करती है। भाजपा सरकार के मुखिया ने मंदसौर से मृतक किसानों के परिवारीजनों को भोपाल बुलाकर अपना उपवास खुलवाया। इससे बडा कलंक नहीं हो सकता हिन्दुत्व व हिन्दू धर्म पर।
सिंधिया ने कहा कि यह लडाई किसी पार्टी की नहीं बल्कि किसानों के हक की लडाई है जो कांग्रेस लडेगी।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुरेश पचौरी ने कहा कि मध्यप्रदेश में किसानों की हत्यायें और आत्म हत्याओं का सिलसिला आज भी जारी है। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों के साथ छलावा किया गया है किसानों के कर्जामाफी की जो भाजपा ने घोषणा की थी और किसान की फसल का समर्थन मूल्य देने की बात की थी उसे भाजपा सरकार पूरी नहीं कर पाई।
पचौरी ने कहा कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा का जाना तय है और कांग्रेस सत्ता में आते ही किसानों के कर्जा माफ करेंगी। किसानों की फसल का समर्थन मूल्य मिलेगा। किसानों को पर्याप्त बिजली, पानी और असली खाद बीज उपलब्ध कराया जाएगा।
कांग्रेस नेता राजब्बर ने कहा कि मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में किसान आत्म हत्या कर रहा है ये किसान की परेशानी न केन्द्र की और न प्रदेश की भाजपा सरकार को नहीं दिख रही है। किसानों ने अपनी लडाई जब खुद लडने का वीणा उठाया है तो कांग्रेस इस लडाई में उनके साथ है। आज भी देश का 80 प्रतिशत किसान कृषि पर निर्भर है फिर भी सरकार उनकी परेशानी नहीं समझ रही है। देश का नौजवान बेरोजगार है। किसानों का दुःख दर्द कांग्रेस ने ही समझा है और किसानों को कांग्रेस ही मदद देगी।
मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार में मध्यप्रदेश का किसान कितना दुःखी है उसे अपनी उपज का समर्थन मूल्य भी नहीं मिल पा रहा है। किसान अपनी आवाज उठाता है तो सरकार आवाज उठाने वाले किसानों की हत्या करवा देती है। शिवराज सिंह को मुख्यमंत्री बने 12 साल हो गए वो हर भाषण में कहते हैं कि वे किसान के बेटे है और किसानों के पुजारी हैं ये बात समझ नहीं आती कि वे कैसे किसान के बेटे हैं जब किसान अपनी आवाज उठाता है तो उसकी समस्या हल नहीं की जाती बल्कि उनकी हत्या करवा दी जाती है। शिवराज सिंह कहते है कि मैं मध्यप्रदेश की महिलाओं का भाई हूॅं फिर भी मध्यप्रदेश में महिलाओं पर सबसे ज्यादा अत्याचार हो रहे है। भाजपा की प्रदेश सरकार ने व्यापम घोटाला कर एक पीढी को बर्वाद कर दिया। अजय सिंह ने कहा कि प्रदेश में दो कानून चल रहे है एक आम जनता के लिए और एक भाजपा के नेताओं के लिए। प्रदेश के दो-दो मंत्री विवादों में है फिर भी सरकार में बने हुए हैं। जनसंपर्क मंत्री नरोतम मिश्रा को चुनाव आयोग ने अयोग्य घोषित कर दिया है तो सामान्य प्रशासन राज्यमंत्री लालसिंह आर्य के खिलाफ कांग्रेस विधायक माखन जाटव की हत्या का मामला दर्ज किया गया है। फिर भी दोनों मंत्री आज भी सरकार में शामिल होकर कार्य कर रहे है।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश का किसान बहुत ही दुःखी है फिर भी भाजपा सरकार किसानों की मदद करना तो दूर रही उनकी हत्यायें करवा रही है। मंदसौर में 6 जून को 6 किसानों की हत्याओं ने यह बता दिया है मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने अगर किसी ने उनकी सरकार के खिलाफ आवाज उठाई तो गोली खानी पडेगी।
किसान सभा को पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव दिग्विजय सिंह, मोहन प्रकाश, कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा, राष्ट्रीय सेवादल के मुख्य संगठक महेन्द्र जोशी, विधायक जीतू पटवारी, पूर्व केन्द्रीय मंत्री कमलनाथ ने भी संबोधित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *