भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया और बाला बच्चन के बाद अब दिग्विजय सिंह खेमे से अजय सिंह राहुल एवं मंत्री डॉ. गोविंद सिंह का नाम भी चला दिया गया है। दीपक बावरिया चाहते हैं कि सिंधिया को मध्यप्रदेश की कमान मिले लेकिन प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिग्विजय सिंह गुट इस मामले में एकराय हैं और किसी भी हालत में सिंधिया को ग्वालियर तक सीमित रखना चाहते हैं।

सिंधिया को रोकने के लिए मुख्यमंत्री कमलनाथ ने आदिवासी कार्ड चला दिया है। गृह मंत्री बाला बच्चन का नाम अध्यक्ष पद के लिए सबसे आगे चल रहा है। दूसरा नाम ओमकार सिंह मरकाम का है। एक अन्य आदिवासी नाम उमंग सिंघार का है। मरकाम और सिंघार दोनों ही मंत्रिमंडल के सदस्य हैं। ये दोनों नाम केवल चलाने के लिए ही हैं, जैसा कि कांग्रेस में परंपरा है।

ज्योतिरादित्य सिंधिया ने प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए एक बार फिर लॉबिंग तेज कर दी है। बदले में दिग्विजय सिंह खेमा भी सक्रिय हो गया। विधानसभा और लोकसभा चुनाव हार चुके कांग्रेस के कद्दावर नेता अजय सिंह राहुल का नाम आगे बढ़ाया जा रहा है। अजय सिंह के विकल्प के रूप में डॉ. गोविंद सिंह का नाम रखा गया है। कुल मिलाकर कोई भी कांग्रेस का अध्यक्ष बन जाए, लेकिन सिन्धिया को हरहाल में रोकना है। अब देखना है कौनसा गुट बाजी मारता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *