भोपाल। मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने आज कहा कि प्रतिभा कभी भी परिस्थितियों की मोहताज नहीं होती हैं। चाहे आर्थिक संकट हो या अन्य किसी तरह का अभाव हो, प्रतिभा विपरीत परिस्थितियों के बावजूद निखर कर सामने आती हैं। डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने यह बात आज यहां होमगार्ड, नागरिक सुरक्षा एवं आपदा आपातकालीन मोचन बल के 74वें स्थापना दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही। वे स्थापना दिवस पर आयोजित परेड की सलामी लेने के बाद समारोह को संबोधित कर रहे थे। परेड में एसडीआरएफ के रेस्क्यू वाहन ने रेस्क्यू उपकरणों के साथ प्रदर्शन किया।
समारोह में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा, पुलिस महानिदेशक विवेक जौहरी और पुलिस महानिदेशक होमगार्ड अशोक दोहारे भी मौजूद थे। गृह मंत्री डॉ. मिश्रा ने कहा कि होमगार्डस के जवानों ने विपदा में हमेशा अपने प्राणों की बाजी लगाकर दूसरों के प्राणों की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवानों के कार्य उत्कृष्ट हैं। कठित परिस्थितियों के बाद भी उनका निरंतर कार्य करते रहना उनकी जीवटता और कर्मठता को प्रदर्शित करता है।
इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेई की कविता को याद करते हुए कहा कि ‘छोटे मन से कोई बड़ा नहीं होता, टूटे मन से कोई खड़ा नहीं होता।’ डॉ. मिश्रा ने कहा कि जवानों का बाढ़ एवं आपदा ही नहीं, उन्हें सौंपे गये सभी कार्यों में किया गया कार्य व्यवहार वन्दनीय और अनुकरणीय है। प्रदेश की सरकार होमगार्ड के जवानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करती रही है और आगे भी करती रहेगी। डॉ. मिश्रा ने विश्वास दिलाया कि वे होमगार्ड जवानों के कल्याण के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएंगे।
गृह मंत्री ने होमगार्ड की कल्याण-निधि से प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को सम्पूर्ण फीस के भुगतान के चेक छात्रवृत्ति के रूप में प्रदान किये। होमगार्ड के जवानों के एमबीबीएस, बीडीएस, बी. फॉर्मेसी, इंजीनियंिरग एवं तकनीकी विषयों में स्रातक एवं स्रातकोत्तर कक्षाओं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति का लाभ मिला है। समारोह में 10वीं एवं 12वीं के 85 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को भी मंत्री डॉ. मिश्रा ने सम्मानित किया।