भोपाल ! मध्यप्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे चरण में भी भाजपा ने धमाकेदार जीत दर्ज की है। पहले चरण की तरह ही दूसरे चरण में भी एक मात्र नगर निगम कटनी में भी विजय हासिल करते हुए भाजपा ने दो तिहाई नगर पालिका और आधे से ज्यादा नगर परिषदों में अपनी जीत दर्ज कराई है। जीत से जहां भाजपा में जश्न का माहौल है वहीं हार से कांग्रेस में निराशा का माहौल है।
दूसरे चरण के निकाय चुनाव में 1 नगर निगम (कटनी) 38 नगर पालिका और 104 नगर परिषद और इनके 2496 वार्डों के पार्षद पद के लिए 2 दिसम्बर को वोट डाले गए थे। मतों की गिनती आज सुबह शुरू हुई और दोपहर दो बजे तक प्राय: सभी निकायों के चुनाव परिणाम सामने आ गये थे। कटनी नगर निगम में महापौर पद के भाजपा प्रत्याशी शशांक श्रीवास्तव ने जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी चीनी चेलानी को 17542 मतों से पराजित किया यहां से भाजपा और भाजपा के बागी 30 पार्षदों ने जीत दर्ज कर निगम में बहुमत हासिल किया है। कटनी नगर निगम अंतिम समय में कांग्रेस के प्रत्याशी बदलने और मतदान के दौरान बोहरीबंद के कांग्रेस विधायक सौरभ सिंह पर पोलिंग बूथ में हमले के कारण सुर्खियों में आया था। कटनी का नतीजा आने के साथ ही प्रदेश के अब तक हुए 10 में से 10 नगर निगमों के चुनावों में भाजपा ने अपना परचम लहरा दिया है जबकि प्रदेश के मुरैना, इन्दौर, भोपाल, छिंदवाडा और जबलपुर नगर निगम का चुनाव होना अभी बाकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *