छतरपुर। घर परिवार में आज भी बेटी के जन्म को एक अभिशाप माना जाता है। रुढिवादी परम्पराएं आज भी जारी है। ऐसा ही एक और उदाहरण मध्यप्रदेश के छतरपुर में देखने को मिला। बेटी पैदा होने पर एक प्रसूता को ससुराल वालों ने घर से बाहर निकाल दिया। दो दिन से प्रसूता 15 दिन की दुधमुही बच्ची को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कलेक्टोरेट के चक्कर लगा रही है। आज रविवार को प्रसूता सीएसपी के पैरों में गिरकर न्याय की भीख मांगने लगी। इसके बाद स्थानीय नेताओं ने उसकी बात पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से कराई। उन्होंने मदद का भरोसा दिया।

रविवार को महिला रोते हुए सीएसपी उमेश शुक्ला के पैरों पर गिर गई। सीएसपी ने महिला को 500 रुपए देने चाहे तो उसने लेने से मना कर दिया। इस बीच पीडित महिला की मां ने कुछ कहा तो सीएसपी ने कहा कि लड़की की सुसराल में जब आप जैसी मांओ की हस्तक्षेप बढ जाता है तो हालात ऐसे ही हो जाते हैं।
घटना की जानकारी जैसे ही स्थानीय नेताओं को लगी तो वे महिला की मदद के लिए पहुंच गए। महिला की पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह से बात कराई। महिला ने शिवराज सिंह को बताया कि उसके एक बेटी पहले से ही है। दूसरी बेटी कोख में आई तो उसका गर्भपात करा दिया। फिर तीसरी बेटी हुई तो मारपीट कर घर से निकाल दिया।

जानकारी के मुताबिक, सागर रोड की सीता पत्नी पुष्पेंद्र साहू ने बच्ची को जन्म दिया तो पति, सास, ससुर सहित अन्य सदस्यों ने उसे घर से भगा दिया। घरेलू हिंसा की शिकार सीता को न्याय और आसरे की जरूरत है। सीता ने आरोप लगाया कि ससुर मानिक लाल, जेठ जगदीश, जेठानी नीतू, पति पुष्पेंद्र सहित सास और देवर लगातार उसे प्रताडित कर रहे हैं।

शनिवार की देर रात सीता अपनी 45 वर्षीय मां फुलबाई पति मोनी साहू बडामलहरा के साथ सागर रोड स्थित घर पहुंची तो ससुराल पक्ष ने उसके साथ बेरहमी से मारपीट कर घायल कर दिया। इससे नाराज सीता साहू नवजात बच्ची के साथ रोड पर बैठ गई और जाम लगा दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों पर कार्रवाई करने का आश्वासन देते हुए रोड का जाम खुलवाया।

सीएसपी उमेश शुक्ला का कहना है कि सीता साहू का मामला पिछले एक साल से थाने में चल रहा है। तत्कालीन सिविल लाइन टीआई विनायक शुक्ला ने इस मामले को सुलझाने का प्रयास किया, पर हल नहीं निकाला। शनिवार की दोपहर यह महिला बच्चे के साथ कार्यालय आई थी। आगे की कार्रवाई के लिए उसे थाने भेजा था। देर रात वह अपनी मां के साथ अपनी ससुराल पहुंची तो विवाद हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *