भोपाल ! मानसरोवर डेंटल कॉलेज की एक छात्रा ने हास्टल में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। उसने यह कदम क्यों उठाया फिलहाल इसका खुलासा नहीं हो सका है। कोलार थाने के टीआई अखिलेश मिश्रा के मुताबिक जयश्री विश्वकर्मा मानसरोवर डेंटल कॉलेज में बीडीएस प्रथम वर्ष की छात्रा थी। मूलत: अनूपपुर की रहने वाली जयश्री कुछ महीने पहले ही हॉस्टल में आई थी। गुरुवार सुबह हॉस्टल की अन्य छात्राओं ने उसे आवाज दी, तो उसने दरवाजा नहीं खोला। अंदर झांकने पर पता चला कि उसने फांसी लगा ली है। महाविद्यालय प्रबंधन की सूचना पर कोलार पुलिस मौके पर पहुंच गई। फिलहाल उसके पास से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जयश्री का अक्टूबर में एडिमशन हुआ था। हॉस्टल के दूसरी मंजिल के रूम नंबर-25 में रहती थी। उसने सुबह 5 बजे अपने पिता जयगोपाल विश्वकर्मा से मोबाइल पर बात की थी।
उसके कमरे में सहेली नेहा भी मौजूद थी, जो सुबह 6.30 बजे अपने कमरे में फ्रेश होने चली गई थी। जबकि उसकी रूम मेट एकता 7.30 बजे नीचे दूध लेने गई थी। जब वह वापस लौटी, तो जयश्री को पंखे पर लटके देखा। पुलिस के मुताबिक, उसने 7.30 बजे के बाद आत्महत्या की है।
जयश्री के पिता ने बताया…: जयश्री का अक्टूबर में एडमिशन कराया था। नवंबर में जब वह अनूपपुर घर आई थी, तब उसने बताया था कि उसकी तबीयत ठीक नहीं है। एक हफ्ते पहले वह चेकअप के बाद भोपाल लौटी थी। उसने गुरुवार सुबह 5 बजे कॉल करके बताया कि, उसे कुछ अच्छा नहीं लग रहा है। काम में मन नहीं लग रहा। वह थोड़ा परेशान थी, लेकिन क्यों यह नहीं बताया। जयश्री उनकी इकलौती बच्ची थी।
दो पक्षों में चले फरसे 1 दर्जन घायल, 3 गंभीर: सूखी सेवनिया थाना क्षेत्र के ग्राम प्रेमपुरा में कल दोपहर मामूली बात को लेकर एक ही परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के मध्य जमकर फरसे चले। इस घटना में दोनों पक्षों के एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को भानपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने एक पक्ष पर हत्या के प्रयास का जबकि दूसरे पक्ष पर बलवा का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों के अस्पताल में होने के कारण किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार राजमल यादव गांव से कुछ दूर खेत में बने मकान में रहता है। वह कल दोपहर अपना ट्रैक्टर लेकर भूसा लेने गांव गया था। वहां ट्राली खड़ा करने और अन्य बातों को लेकर दशरथ के परिवार से उसका विवाद हो गया। इसी बीच दशरथ के घर के लड़के फरसे लेकर आ गए। झगड़े में दशरथ के पक्ष के लड़कों ने कालू, गेंदालाल, सुमेर, अजमेर, हरगोविंद, व नरेश को फरसे मार दिए हैं। बचाव पक्ष में राजमल की तरफ के पक्ष के लोगों ने भी फरसे से हमला किया जिसमें, दशरथ, तुलसी, हीरालाल सहित पांच अन्य लोग घायल हुए हैं। दोनों पक्षों के करीब 13 लोग घायल हैं, जिन्हें भानपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने कालू की शिकायत पर दशरथ सहित दस लोगों पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। वहीं दशरथ की शिकायत पर कालू सहित आधा दर्जन पर मारपीट और बलवा का मामला दर्ज किया है। दोनों पक्ष के आरोपी अस्पताल में भर्ती होने के कारण गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।