ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में आज सुबह लगभग साढे ग्यारह बजे आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक टे्रक्टर-ट्राली और ट्रक में आमने सामने हुई टक्कर में सात लोगों की मौत हो गई वहीं लगभग १९ लोग घायल हुए हैं। कलेक्टर ग्वालियर राहुल जैन ने मृतकों के परिजनों को एक -एक लाख रूपए की सहायता राशि मुख्यमंत्री सहायता कोष से और गंभीर रूप से घायलों को २५ हजार रूपए देने की घोषणा की है। वहीं हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने ट्रक में आग लगा दी। वहीं पुलिस सहित अन्य निजी वाहनों को पथराव कर तोड फोड की। पुलिस को स्थिति नियंत्रण करने के लिए हल्का बल प्रयोग भी करना पडा। पुरानी छावनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से नाराज लोगों ने एबी रोड को भी चार घंटे तक बाधित किये रखा।
पुलिस के अनुसार मुरैना के जौरा तहसील के अलापुर गांव से गोपाल राजपूत एक शादी समारोह में भात देने के लिए ट्रेक्टर ट्राली से पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के बरौआ गांव जा रहे थे। तभी निरावली की पुलिया के पास नीचे उतरते ही सामने से गिटटी से भरे आ रहे ट्रक चालक ने हडबडाकर सामने से टक्कर मार दी। हादसे में मौके पर छह लोगों की मौत हो गई वहीं डेढ दर्जन से अधिक लोग घायल हो गये। वहीं एक घायल की अस्पताल ले जाते समय मौत हुई। हादसे के बाद गुस्साए स्थानीय लोगों ने ट्रक पर आग लगा दी। वहीं गुस्साए लोगों ने कई निजी वाहनों और पुलिस के वाहनों की तोडफोड कर दी। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को हटाने का प्रयास किया।
उधर गुस्साए लोगों ने मृतकों के शवों को नहीं उठाने दिया। उन्होंने शवों को रखकर हाइवे पर जाम भी लगा दिया जिससे दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। गुस्साए लोग मृतकों को २१ लाख रूपए मुआवजा देने की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारियों ने कलेक्टर द्वारा की गई मृतकों को मुख्यमंत्री सहायता कोष से एक -एक लाख रूपया और गंभीर घायलों को २५-२५ हजार रूपए देने की घोषणा की बात सुनाई लेकिन गुस्साए लोग नहीं माने । काफी समय तक अधिकारियों और गुस्साए लोगों के बीच बातचीत का दौर चला। वहीं बीच बचाव में सुमावली विधायक सत्यपाल सिंह सिकरवार नीटू और पूर्व विधायक प्रद्वुम्र सिंह तोमर भी मौके पर पहुंचे। जहां उन्होंने भी लोगों से बात की और २१ लाख रूपए मुख्यमंत्री से दिलाने के लिए प्रस्ताव भेजने की सहमति देने के बाद शवों को उठवाया जा सका। समाचार लिखे जाने तक हाइवे पर पुलिस बल तैनात था। वहीं पीएम हाउस पर भी पुलिस बल किसी भी अप्रिय स्थिति से निबटने को तैयार था। हादसें में मरने वालों में सतीश, राजेश, छोटे, आशा, सुनीता , वीर सिंह और राकेश हैं। जबकि गंभीर रूप से घायलों में रामसिंदूर और बबलू हैं। जिन्हें आईसीयू में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। घायलों में भीकम सिंह, पूली, सुनील राजपूत, सरदार सिंह, गायत्री, सावित्री, छाया, तमन्ना, नैतिक, मनीषा, मुन्नी, शारदा, सोनू, सुनीता और जितेन्द्र यादव शामिल हैं।