जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर संभाग के सिवनी में अपने ही विभाग की एक महिला जेल प्रहरी से शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करने वाले सिवनी जिला जेल के जेलर (सहायक जेल अधीक्षक) प्रशांत चौहान के खिलाफ जबलपुर के सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया है। एफआईआर के बाद से जेलर चौहान फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए जबलपुर पुलिस सिवनी भी आई थी लेकिन वे नहीं मिले।

जेलर चौहान जब जबलपुर सेंट्रल जेल में सहायक जेल अधीक्षक थे तक तक उसने वहां पदस्थ महिला जेल प्रहरी को प्रेमजाल में फांसा। इसके बाद वर्ष 2016 से उसके साथ शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण करता रहा। 15 नवंबर तक चौहान ने शादी करने का वादा किया था लेकिन वह बाद में मुकर गया। इस स्थिति को लेकर पीडि़ता ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। जबलपुर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी चौहान के खिलाफ धारा 376, 376 (2), क (घ) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

जेलर चौहान का तबादला जबलपुर से सिवनी हो गया था जबकि पीडि़ता का तबादला नरसिंहपुर कर दिया गया था। इसके बाद भी चौहान पीडि़ता से मिलता रहा। हालांकि इसके बाद वह एक अन्य युवती के संपर्क में आ गया जिसके साथ उसने विवाह कर लिया। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। बताया गया कि चौहान शुरू से ही विवादों में रहे हैं। वे सिवनी में जुलाई माह में ही पदस्थ हुए थे।

जेलर चौहान ने हाल ही में 15 दिनों का अवकाश लेकर कहीं चले गए। इधर जेल अधीक्षक अजमेर सिंह ठाकुर ने बताया कि चौहान ने अपने पिता के स्वास्थ्य का हवाला देकर अवकाश लिया है। उनका मोबाइल बंद है। बताया गया कि जेलर शुरू से ही अक्सर अवकाश लिया करते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *