भोपाल। मध्यप्रदेश की विशेष स्थापना पुलिस लोकायुक्त ने आज शनिवार को भोपाल में कृषि विभाग के एक उप संचालक को दो लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, कृषि विभाग के संयुक्त संचालक उत्तम सिंह जादौन को भोपाल के नरेला शंकरी के खाद बीज के एक व्यापारी मान सिंह राजपूत से दो लाख रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा गया है। आरोपी अधिकारी ने मान सिंह राजपूत से उसकी दुकान से मिले अमानक खाद, बीज मामले को निपटाने के एवज में तीन लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। एक लाख रुपए मान सिंह शुक्रवार को उप संचालक जादौन को दे चुका है।
मान सिंह शनिवार को अधिकारी को रिश्वत की दूसरी किश्त दो लाख रुपए देने उसके कार्यालय में पहुंचा, तभी लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी अधिकारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है। लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, आरोपी अधिकारी द्वारा मान सिंह से कल लिए गए एक लाख रुपए भी उसके घर से बरामद कर लिए गए हैं। पकड़े गए अधिकारी के खिलाफ भ्रष्ट्राचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर मामले को विवेचना में ले लिया है।