ग्वालियर। अपनी मेहनत की पौध को पसीने से सींचकर बढ़ाने वाले हमेशा कामयाब होते हैं। इसीलिये हमारे पूर्वजों ने खेती-किसानी को सबसे उत्तम कार्य बताया है। वर्तमान समय मे जब कृषि के समक्ष कई समस्याऐं सामने आ रही है ऐसे में कृषि करते हुये बागवानी, पशुपालन एवं उद्यानिकी आदि के जरिये किसानों की जिन्दगी को कैसे खुशहाल बनाया जा सकता है इसका बेहतर उदाहरण कृषि विज्ञान केन्द्र, दतिया ने मध्यप्रदेश और देश भर में प्रस्तुत किया है।
मध्यप्रदेश के दतिया जिले मे कृषि विज्ञान केन्द्र ने किसानों की आय दुगुना करने की दिशा में कई मॉडल तैयार किए हैं। किसानों के कौशल विकास से लेकर मशरुम उत्पादन, मुर्गी, मछली, और बकरी पालन जैसे प्रयासों से किसानों की आय बढ़ाने के लक्ष्य में सफलता मिलना शुरु हो गयी है। इन नए कृषि मॉडलों की सफलता के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने कृषि विज्ञान केन्द्रों के राष्ट्रीय सम्मेलन नई दिल्ली में कृषि विज्ञान केन्द्र, दतिया को सम्मानित किया है। अच्छा काम होते ही बोलता है और उसे देश और समाज में सम्मान और प्रोत्साहन भी मिलता रहा है। कृषि विज्ञान केन्द्र, दतिया को भी कृषि सुधार में किए गए कार्यों और कृषि मॉडलों के लिए प्रशंसा और सम्मान मिला है। कृषि उन्नत मेला 2018 एवं कृषि विज्ञान केन्द्रों का राष्ट्रीय सम्मेलन हाल ही में नई दिल्ली में आयोजित हुआ। इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कृषि विज्ञान केन्द्र, दतिया को पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय कृषि विज्ञान प्रोत्साहन पुरस्कार 2017 से सम्मानित किया। प्रधानमंत्री मोदी से यह पुरस्कार राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय ग्वालियर के कुलपति प्रो. एस. के. राव, निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. आरएन एस बनाफर एवं कृषि विज्ञान केन्द्र, दतिया के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आरकेएस तोमर ने ग्रहण किया। दतिया को यह पुरस्कार कृषि विज्ञान केन्द्र के माध्यम से जिले के समग्र विकास के लिए बड़ेे स्तर पर कृषि तकनीकी एवं कृषि प्रणालियों के व्यापक प्रचार प्रसार के लिए दिया गया है। कृषि विज्ञान केन्द्र, दतिया ने जल संरक्षण पशुपालन, मुर्गीपालन, बकरी पालन, मधुमक्खी पालन के साथ उच्च गुण बीज उत्पादन आदि पर विशेष कार्य किया है। राष्ट्रीय स्तर पर दतिया को मिली इस उपलब्धि में किसान कल्याण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों, कृषि उपज मंडियों, मृदा एवं जल संरक्षण अनुसंधान संस्थान, स्वयंसेवी संस्थाओं का सामूहिक योगदान रहा है। इन संयुक्त प्रयासों के फलस्वरुप कृषि विज्ञान केन्द्र दतिया का चयन केन्द्र सरकार ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय राष्ट्रीय कृषि विज्ञान प्रोत्साहन पुरस्कार 2017 के लिए किया था। कृषि विज्ञान केन्द्रों के दसवें राष्ट्रीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कुलपति प्रो. राव को पुरस्कार के साथ सम्मान पत्र एवं 2.25 लाख रुपए की राशि से भी सम्मानित किया।
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि कल्याण एवं कृषि विकास मंत्रालय भारत सरकार राधामोहन सिंह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, मध्यप्रदेश के कृषि मंत्री गौरीशंकर बिसेन, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महापात्रा सहित पूरे देश से आए 900 से अधिक कृषि अधिकारियों, 680 कृषि विज्ञान केन्द्रों के वैज्ञानिकगण तथा प्रदेश के कृषि विश्वविद्यालयों एवं भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के वैज्ञानिकगण उपस्थित रहे। राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. एस. के. राव ने इसके लिए निदेशालय विस्तार सेवाएं एवं कृषि विज्ञान केन्द्रों के वैज्ञानिकों को बधाई दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *