रायसेन गृह मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने कहा है कि प्रदेश में किसानों के दुख-दर्द में राज्य सरकार हमेशा उनके साथ है। श्री गौर आज रायसेन में किसानों को फसल बीमा की राशि वितरित कर रहे थे। प्रदेश में राष्ट्रीय कृषि बीमा योजना में 14 लाख से अधिक किसान को 2167 करोड़ की फसल बीमा दावा राशि का वितरण किया जा रहा है। आज प्रदेश में 34 जिलों में किसानों को वितरण की शुरूआत हुई।
गृह मंत्री श्री गौर ने कहा कि देश में किसानों की हालत चिंताजनक है। इसका मुख्य कारण हमारे यहाँ अनाज की कीमत का निर्धारण मण्डियों में व्यापारियों द्वारा तय किया जाना है। उन्होंने कहा कि देश के किसान तभी खुशहाल होंगे, जब किसान स्वयं अपनी फसल का दाम तय करेगा। गृह मंत्री ने कहा कि पिछले वर्षों में किसान की फसल को ओला-पाला, अति-वर्षा जैसी प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ा है। लेकिन ऐसे वक्त में राज्य सरकार किसानों के साथ हमेशा खड़ी रही है। रायसेन जिले में 154 करोड़ की बीमा दावा राशि का भुगतान किया जा रहा है। कार्यक्रम को संस्कृति राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र पटवा ने भी संबोधित किया। इस मौके पर विधायक श्री रामकिशन चौहान भी मौजूद थे।