ग्वालियर। बहुजन संघर्ष दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजी. फूलसिंह बरैया ने कहा है कि बहुजन समाज के प्रवर्तक कांशीराम का सपना तभी साकार होगा जब देश में दलित आदिवासी, पिछडे, मुस्लिम का समान विकास होगा। इंजी. फूलसिंह बरैया आज बहुजन समाज के प्रवर्तक कांशीराम के परिनिर्माण दिवस पर आज मुख्य अतिथि के रूप में फूलबाग मैदान पर आयोजित एक विशाल महासंकल्प रैली को संबोधित कर रहे थे। महासंकल्प रैली में कांशीराम की छोटी बहन स्वर्ण कौर विशेष रूप से मौजूद थीं। रैली में ग्वालियर-चंबल संभाग से विशाल रैली में बसंद के पदाधिकारी, कार्यकर्ता अपने दुपहिया, चार पहिया वाहनों , सहित ट्रक बसों के साथ फूलबाग मैदान पर पहुंचे थे। रैली के दौरान पूरा फू लबाग मैदान खचाखच भरा था। लोगों ने सड़कों को भी जाम कर दिया था।
इंजी. बरैया ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांशीराम की परिकल्पना थी कि गरीब गरीब लोगों के विकास से ही भारत का विकास संभव हो सकेगा। इंजी. बरैया ने उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री एवं बसपा प्रमुख सुश्री मायावती पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अपना स्तुति गान करवाया जिससे पूरी पार्टी आज जमींदोज हो गई है। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी के नाम पर उन्होंने अपने को स्थापित तो कर लिया लेकिन बहुजन का भला नहीं किया। हाल ही में लालू प्रसाद यादव द्वारा बिहार में आयोजित रैली में उनके ही लगे पोस्टरों पर जय भीम लिखने पर सुश्री मायावती आग बबूला हो गई थीं। उन्होंने कहा कि इस बार सुश्री मायावती उत्तर प्रदेश में सरकार नहीं बना सकी और अब आगे भी नहीं बना सकेंगी। वह मध्यप्रदेश में आ रही है वह भी एक ही मंतव्य लेकर कि कैसे फूलसिंह बरैया को रोका जाए । उन्होंने कहा कि २००३ में यदि सुश्री मायावती ने उन्हें षडयंत्र रचकर बाहर नहीं किया होता तो आज भी बहुजन समाज पार्टी की ही सरकार मध्यप्रदेश में होती। और भाजपा -कांग्रेस सत्ता पाने के लिए ललचाते ही रहते।
इंजी. फूलसिंह बरैया ने कहा कि हाल ही में एक सर्वे आया है जिसमें सर्वे कर्ताओं ने सबसे ज्यादा प्रतिशत वोट ५३ प्रतिशत बहुजन संघर्ष दल को आना बताए हैं। वहीं कांग्रेस को १९ प्रतिशत, बीएसपी को नौ प्रतिशत और भाजपा को सात प्रतिशत वोट मिलना बताया है। उन्होंने कहा कि अब संकल्प लेने का समय आ गया है। अगले वर्ष २०१८ में चुनाव हैं हमारा काम अंदरूनी तौर पर मजबूती से चल रहा है। एक साल तैयारी कर लग जाएं तो अगली सरकार बसंद की ही होगी। उन्होंने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं पर अन्याय अत्याचार, दुष्कर्म के मामले बढ गये हैं। वहीं बच्चियों के मामा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सारी बात जानते देखते हुए भी अनदेखी कर रहे हैं। एवं आरक्षण को भी समाप्त करने का प्रयास करने में लगे हैं।
इस अवसर पर सभा को कांशीराम की छोटी बहन स्वर्ण कौर सहित राष्ट्रीय महासचिव शिवदान मेघवाल, सहित अन्य अतिथियों ने संबोधित किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष सीएल बरहादिया, राष्ट्रीय महासचिव जयनारायण सगर , सुबोध पंचोली, चन्द्रहास मोर, प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश दिनेश कुमार गौतम, मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष यशवंत बसेर, दिल्ली के अरविंद कटारिया, हिमाचल प्रदेश के रामसिंह शुक्ला, हरियाणा की महिला मोर्चा की श्रीमती शशि देवी, मध्यप्रदेश की महिला मोर्चा अध्यक्ष लक्ष्मी जेरिया आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *