भोपाल/ कश्मीर में जारी बर्फबारी और उत्तरी हवाओं का असर पूरे प्रदेश में बना हुआ है। प्रदेश के अधिकतर शहरों में सोमवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से कम रहा। वहीं, खजुराहो का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस, नौगांव 3.0, बैतूल 3.5, दतिया 2.6 दर्ज किया गया। प्रदेश के अनेक शहरों में आठवीं तक के विद्यार्थियों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। वहीं शाजापुर में भी ठंडी हवाओं का सितम जारी है। यहां आज का न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं।

यहां बच्चे पहले ठिठुरते हुए स्कूल पहुंचे और फिर उन्हें उल्टे पांव लौटा दिया गया। प्रशासन की लेटलतीफी के चलते समय पर नहीं जारी हो सका छुट्टी का आदेश। ऐसे में बच्चों को सुबह-सुबह कड़ाके की ठंड के बीच स्कूल पहुंचना पड़ा।

विंध्य और महाकोशल में भी ठंड का सितम जारी है। डिंडोरी में तेज ठंड से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। यहां न्यूनतम तापमान एक डिग्री दर्ज किया गया है। कारों पर बर्फ की परत जम गई है। सुबह आठ बजे तक यहां कोहरा छाया रहा। सब्जी के साथ तेज ठंड की वजह से फसलें भी प्रभावित हो रही हैं। नरसिंहपुर में भी शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दी है। वहीं सतना और आसपास के दूसरे जिलो में भी ठंड से राहत मिलती नहीं दिख रही है। तेज धूप के बाद भी सर्द हवाएं कपकंपाने पर मजबूर कर रही हैं।

सोमवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 19.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7 डिग्री कम है। वहीं, न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। राजधानी में दिनभर शीतलहर चली।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि हिमालयी क्षेत्रों में पश्चिमी विक्षोभ का असर प्रदेश में पड़ रहा है। वहीं आसमान खुलते ही हवाओं का रुख उत्तरी हो गया है। इससे वातावरण में नमी की मात्रा कम हुई और हवा की रफ्तार बढ़ी है। जिसके कारण ठंड का अहसास हो रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी 24 घंटे के अंदर सागर, उज्जैन, होशंगाबाद, ग्वालियर, चंबल, रीवा, जबलपुर और इंदौर संभाग के कुछ जिलों में तीव्र शीतलहर चलने की संभावना है। वहीं ग्वालियर, उज्जैन, होशंगाबाद, सागर, रीवा संभाग में पाला पड़ने की भी संभावना जताई गई है।

इधर, शीतलहर के बावजूद राजधानी के स्कूलों में अवकाश तो घोषित नहीं किया गया, लेकिन समय बढ़ा दिया गया है। कलेक्टर डॉ. सुदाम पी खाडे का कहना है कि मौसम विभाग से मंगवाई रिपोर्ट में उन्होंने मौसम के सामान्य होने की बात कही है, इसलिए स्कूलों में अवकाश नहीं दिया गया है। हालांकि, ठंड के चलते प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रतलाम, सहित अन्य शहरों में स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। खंडवा में भी पहली से आठवीं कक्षा के लिए कलेक्टर ने घोषित किया अवकाश।

शहडोल कलेक्टर ने भी सर्दी को देखते हुए 30 एवं 31 जनवरी को नर्सरी से कक्षा 8 तक के स्कूलों में अवकाश घोषित किया है। वहीं नरसिंहपुर जिले में भी शीत लहर से ठिठुरन बढ़ गई है। इसी वजह से 30 और 31 जनवरी को यहां स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में मौसम शुष्क रहा। कुछ स्थानों पर कोल्ड-डे रहा तथा जबलपुर, सागर होशंगाबाद, भोपाल, इंदौर उज्जैन एवं ग्वालियर संभाग में शीतलहर चली। रीवा एवं शहडोल संभाग के कुछ जिलों में न्यूनतम तापमान में खासी गिरावट आई है। जबलपुर, सागर एवं होशंगाबाद संभाग के जिलों में भी न्यूनतम तापमान काफी गिरा है। शेष संभागों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *