बड़वानी। संगठित अपराधों में लिप्त सेंधवा के हिस्ट्रीशीटर भाजपा नेता संजय यादव को पुलिस ने कर लिया है। एसपी डीआर तेनिवार ने गिरफ्तारी की पुष्टि की है। गौरतलब है कि संजय यादव नौ माह से फरार था। उस पर पुलिस ने पहले 5 हजार व बाद में 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। गौरतलब है कि दिसंबर 2019 माह के अंत में जिला दंडाधिकारी अमित तोमर ने पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर सेंधवा के संजय पिता विष्णुप्रसाद यादव पर राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) की कार्रवाई की थी। वहीं, एसपी डीआर तेनीवार ने विभिन्न अपराधों में फरार चल रहे संजय यादव पर 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की थी। पुलिस के मुताबिक संजय यादव कुख्यात बदमाश है। उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, अवैध वसूली, अवैध शस्त्र के गंभीर अपराध न्यायालय में विचाराधीन हैं।

पिछले लोकसभा चुनाव से पहले पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर भाजपा नेता संजय यादव के घर से हथियारों का जखीरा पकड़ा था। दो मामलों में पुलिस ने 13 पिस्टल, 17 हथगोले व 116 कारतूस सहित धारदार हथियार जब्त किए थे। आरोपित संजय यादव पर करीब 50 प्रकरण दर्ज हैं। आरोपित की मां बसंतीबाई यादव वर्तमान में भाजपा की ओर से सेंधवा नगर पालिका अध्यक्ष हैं। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान संजय यादव सहित उसके साथी रामस्वरूप चौधरी को भी गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से एक देसी पिस्टल, मैगजीन, दो जिंदा कारतूस और एक देसी 12 बोर का कट्टा और दो जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। दोनों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट में राजपुर पुलिस थाना पर मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *