ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद नरेन्द्र सिंह तोमर ने कहा है कि नगर निगम ग्वालियर ने महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता के सफल नेतृत्व में तीन वर्षों में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। मप्र के मंत्री और महापौर के ग्वालियर के विकास के जो प्रयास है वह अब साकार होकर सामने दिखाई दे रहे हैं। इन विकास के प्रयासों को और तेज किया जाएगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री तोमर गुरूवार को यहां नगर निगम ग्वालियर की महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता के नेतृत्व में परिषद के तीन वर्ष पूरे होने पर आयोजित भूमिपूजन समारोह और लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। प्रदेश अध्यक्ष भाजपा तोमर ने कहा कि ग्वालियर के वैभव पूर्व में मध्यप्रदेश ही नहीं देश के साथ विश्व में प्रसिद्धि के सोपान पर था। इसमें चाहे पुरातत्व हो, पर्यटन हो, संगीत हो ग्वालियर का नाम गौरव के साथ लिया जाता था। ग्वालियर की देश विदेश में प्रसिद्धि थी, लेकिन आजादी के  बाद से राजनैतिक कारणों के चलते इंदौर, जबलपुर, भोपाल तो विकास में आगे बढ़े लेकिन ग्वालियर की प्रगति रूक गई, लेकिन जब जब भाजपा की सरकारें आई तब 2003 से लेकर अब तक लोग विकास की बात करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में हमने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जब ग्वालियर के साथ अन्याय की बात बताई तो उन्होंने दो विश्वविद्यालय ग्वलियर को दिए। इतना ही नहीं ग्वालियर के विकास को तेज गति भी प्रदान की, जो आज भी निरंतर जारी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा के राज्यसभा सांसद कप्तान सिंह सोलंकी ने कहा कि तीन वर्ष का कार्यकाल भाजपा कार्यकर्ता के रूप में पूरा करने पर वह महापौर समीक्षा गुप्ता को बधाई देते हैं। वहीं उनके द्वारा दो हजार लोगों को आवास की योजना का भूमि पूजन करने और रैन बसेरे का लोकार्पण करने के लिए भी बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि जनता की भलाई में ही लोकतंत्र निहित होता हैं। इससे पूर्व समारोह में पूर्व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद प्रभात झा ने कहा कि श्रीमती समीक्षा गुप्ता ऐसी भाजपा महिला कार्यकर्ता हैं जो ग्वालियर चंबल संभाग में सबल नेत्री बनकर उभरी हैं। आगे उनका भविष्य क्या होगा वह नहीं जानते। उन्होंने कहा कि आज ग्वालियर प्रगति के सोपान पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नाम नहीं लेते हुए कहा कि कुछ लोग केवल दिखावे की कार्रवाई करते हैं। वहीं जो योजनाएं राज्य शासन के सहयोग से चल रहीं हैं जिनका भूमिपूजन, लोकार्पण हो चुका है उनका फिर लोकार्पण कर झूठा ढिंढोरा पीट रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटलबिहारी वाजपेयी की शिक्षा गोरखी स्कूल में हुई, उसके लिए सभी सांसदों ने एक एक करोड़ रूपया दिया है। आगे आने वाले समय में गोरखी स्कूल एक गौरव बनकर उभरेगा।
कार्यक्रम में मप्र के चिकित्सा शिक्षा मंत्री अनूप मिश्रा ने कहा कि ग्वालियर का विकास तेज गति से चलता रहे उसमें रोढ़े नहीं अटकें ऐसा प्रयास वह करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि दो सौ करोड़ के भूमिपूजन करना वह चाहते थे, लेकिन अब यह भूमिपूजन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान करेंगे हो सकता है कि इसमें सौ करोड़ के और विकास कार्य जुड़ जाएं, ऐसा वह प्रयास कर रहे हैं। महापौर समीक्षा गुप्ता ने कहा कि उन्होंने पूर्व महापौर विवेक शेजवलकर की विकास योजनाओं को और आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि तीन वर्षों में उन्होंने ऐसा कोई काम नहीं किया, जिससे पार्टी को नीचा देखना पड़े। कार्यक्रम में मप्र के गृह राज्यमंत्री नारायण सिंह कुशवाह, साडा अध्यक्ष जयसिंह कुशवाह, मेला अध्यक्ष अनुराग बंसल, सभापति बृजेन्द्र सिंह जादौन, जीडीए उपाध्यक्ष राकेश जादौन, जितेन्द्र गुर्जर, घनश्याम पिरोनिया, निगम कमिश्रर वेदप्रकाश, अपर कमिश्रर डॉ. एसएस दौलतानी, जिलाध्यक्ष भाजपा वेदप्रकाश शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी, पार्षद, निगम अधिकारी मौजूद थे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *