जबलपुर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों और गर्भवती महिलाओं के भोजन में अंडा शामिल करने की नामंजूरी के महज तीन दिन बाद उनकी उपस्थिति में प्रदेश की मंत्री ने लोगों से अपने बच्चों के भोजन में प्रोटीन से भरपूर मछली शामिल करने का आग्रह किया है।

पशुपालन एवं मछली पालन मंत्री कुसुमसिंह मेहदले ने कल यहां जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय में मछुआरों के राज्य स्तरीय सम्मेलन में कहा, ‘‘जहां मछली उपलब्ध है, वहां लोगों को बच्चों के भोजन में मछली शामिल करनी चाहिए। मछली प्रोटीन से भरपूर होती है और इसे भोजन में शामिल कर कुपोषण से बचा जा सकता है।’’

गौरतलब है कि शिवराज मंत्रिमण्डल में कुसुमसिंह के पास पशुपालन, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण, कुटीर उद्योग, मछली पालन, विधि एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग का प्रभार है।

मंत्री ने कहा कि मछली सेवन को बढ़ावा देने पर उन्हें समाज के कुछ वर्गो का विरोध झेलना पड़ सकता है। इसलिए उन्हें मुख्यमंत्री के संरक्षण की जरूरत है। उस समय मंच पर मुख्यमंत्री चौहान भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *