भोपाल। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में कई स्थानों पर सामान्य से भारी बारिश की संभावना जताई हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण राज्य में बादल छाने के साथ गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ रही है। शनिवार की सुबह भी बादल छाए हुए हैं और गर्मी का असर कम हुआ है, लेकिन उमस बनी हुई है।
-वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक एसके डे ने बताया कि अरब सागर से नमी आ रही है। दो- तीन दिन बाद उड़ीसा के पास बने सिस्टम का असर यहां हो सकता है। इसके बाद एक और सिस्टम आने का अनुमान है। इस कारण सितंबर के बाकी दिनों में हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है। बारिश की वजह से कोलांस नदी में पांच फीट तक पानी बहने लगा है। इस वजह से बड़े तालाब का लेवल 1660.60 से बढ़कर 1660.70 फीट हो गया।
-बीते 24 घंटों के दौरान भी बारिश हुई। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों में राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं भोपाल, इंदौर व होशंगाबाद संभागों के जिलों में भारी बारिश भी हो सकती है।
-राज्य में बादलों के छाने से तापमान में गिरावट आई है। शनिवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 21.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 25 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
-वहीं शुक्रवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 28 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 35.6 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा।