भोपाल ! राजधानी के अशोका गार्डन इलाके में एक पति ने बेटा नहीं पैदा होने से नाराज होकर अपनी पत्नी को जिंदा जलाने का मामला सामने आया है। अधजली हालत में पत्नी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस ने पत्नी के बयानों के आधार पर पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
अशोका गार्डन पुलिस ने बताया कि शिवनगर हिनौतिया निवासी रामश्री की शादी 15 साल पहले कल्याण सिंह से हुई थी। इनकी 15 साल बीत जाने के बाद भी कोई संतान नहीं थी और कल्याण सिंह बेटा चाहता था। इसी बात को लेकर कल दोनों में विवाद हो गया। कल्याण ने पहले तो पीड़िता की जमकर धुनाई लगाई। इसके बाद पत्नी को आग के हवाले कर दिया। शोर की आवाज के बाद आरोपी कल्याण भाग निकला। किसी तरह पड़ोसियों और परिजनों ने आग में दहक रही महिला को बचाकर अस्पताल पहुंचाया, जहां रामश्री की हालत नाजुक बनी हुई है। फरियादिया रामश्री ने बयान दिए हैं कि पति कल्याण ने उसकी हत्या करने की नीयत से जलाया है।
खजूरी में युवक ने लगाई फांसी: राजधानी के खजूरी थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरु कर दी है।
खजूरी थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम भौरी निवासी 35 वर्षीय विनोद गौंड़ बीती रात अपने घर में फांसी का फंदा तैयार कर उस पर झूल गया, जिससे उसकी मौत हो गई। विनोद के आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। फिलहाल मामले की विवेचना की जा रही है।