भोपाल ! मायके से ससुराल जाने के लिए मना करने पर एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी और 5 महीने की बच्ची को चाकू मारकर घायल कर दिया। बाद में उसने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। गंभीर रुप से घायल मां और बेटी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिसरोद एसडीओपी अतीक अहमद खान के अनुसार मूलत: बिहार की रहने वाली 30 वर्षीय मनी तिवारी का विवाह करीब डेढ़ वर्ष पहले उत्तर प्रदेश में रहने वाले दीपक से हुई थी। मनी का यह दूसरा विवाह था। इन दोनों की एक 5 माह की एक बेटी भी है। शाीद के बाद से यह दोनों सतलापुर, मंडीदीप में किराए के मकान में रहते हैं। बताया गया है कि जिस व्यक्ति के जरिये इन दोनों की शादी हुई थी, उसने झूठ बोला था कि दीपक अच्छा काम-धंधा करता है। लेकिन वह कोई काम नहीं करता था। दीपक की यह असलियत जब सामने आई, तो दोनों के बीच कलह होने लगी। नौबत मारपीट तक आ गई। घटना के दो दिन पहले भी मनी और दीपक में झगड़ा हुआ था। उसके बाद मनी की बहन सोनिया भोपाल आई और उसे अमराई(बागसेवनिया) स्थित अपनी मां के घर ले आई। यह मकान मनी के नाम पर ही खरीदा गया था।
बताया गया है कि बुधवार रात साढ़े 9 बजे दीपक अपनी पत्नी को मायके से ले जाने के लिए यहां पहुंचा। उस समय घर पर मनी की बहन सोनिया भी थी। पहले तो दीपक अपनी पत्नी से बात करता रहा और कहने लगा कि बच्ची को मैं ले जाता हूं। इस पर पति -पत्नी का विवाद बढ़ गया। इस बीच दीपक ने पहले बच्ची के पेट पर चाकू का वार किया। उसके बाद मनी के पेट पर चाकू से वार किया, जो फेफड़ों को चीरता हुआ चला गया। पत्नी और बच्ची को इस हालत में देखकर दीपक को लगा कि वे दोनों मर गए हैं। उसके बाद वह तेजी से बाहर निकलकर भाग गया।
आरोपी दीपक के भागने के बाद बहन और भतीजी को खून से लथपथ देकर सोनिया उन दोनों को पड़ोसियों की मदद से पिपलानी के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंची। यहां दोनों को भरती कराने के बाद उसने बाग सेवनियां थाने में जाकर दीपक के खिलाफ 307 का मुकदमा दर्ज कराया। इस पर दीपक की खोज शुरू हो गई। इस बीच गुरुवार सुबह पुलिस को होशंगाबाद मार्ग स्थित रेल पटरी पर एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्ट मार्टम के लिए पहुंचाया। बाद में मृतक की पहचान दीपक के रुप में हुई। दीपक के शव की पहचान उसके साढ़ू ने की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *