भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश तेजी से आगे बढ़ता प्रदेश है। पिछले आठ साल से मध्यप्रदेश की विकास दर दो अंकों में बनी हुयी है। इस बार विकास दर 12.21 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय 72 हजार से ज्यादा रहने का अनुमान है। मध्यप्रदेश अब देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो गया है। कृषि विकास दर पिछले पाँच साल में लगातार 20 प्रतिशत बनी हुयी है। वे आज यहां राजधानी के ऐतिहासिक मोतीलाल नेहरू स्टेडियम पर राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। नागरिकों के नाम अपने स्वतंत्रता दिवस संदेश में चौहान ने स्वतंत्रता की 70वीं सालगिरह पर प्रदेशवासियों को बधाई दी और स्वतंत्रता संघर्ष के बलिदानियों का स्मरण किया। उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर स्वतंत्रता दिवस परेड की सलामी ली।

चौहान ने कहा कि सरकार ने क्रांतिकारियों की स्मृति में स्मारक बनाने का फैसला किया है। देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए शहीद हुए जवानों की समृति में शौर्य स्मारक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सीमा पर शहीद हुए मुरैना के रहने वाले नायब सूबेदार जगराम सिंह तोमर के परिवार को एक करोड़ रूपये की सम्मान राशि दी जायेगी। परिवार के किसी एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जायेगी। एक प्लाट या मकान भी दिया जायेगा।
चौहान ने कहा कि भारत की नीति है कि किसी को नहीं छेड़ेंगे लेकिन जो छेड़ेगा उसे छोड़ेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सशक्त भारत तेजी से बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री में निर्णय लेने की अदभुत क्षमता है। वे सृजनात्मक विचारों के धनी हैं। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में पूरे विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। उनके सशक्त और संपन्न भारत की सोच को जमीन पर उतारने के लिये हर नागरिक को अपना योगदान देने आगे आना होगा। उन्होंने नागरिकों का आव्हान किया कि वे प्रदेश को गरीबी-मुक्त प्रदेश बनवाने में सहयोग करे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *