ग्वालियर। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में लगातार गिरते पारा के चलते यहां सर्दी का सितम जारी है। ठंड के चलते आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। यहां रात का पारा 2.2 डिग्री पर पहुंच गया है।
मौसम विभाग के अनुसार रात का पारा 2.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जिसमें काफी गिरावट हुयी है। यहां कल 4.4 डिग्री सेल्सियस रात का तापमान दर्ज किया गया था। कड़ाके की ठंड के चलते आम जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। लोग ठंड से बचने अलाव का सहारा ले रहे हैं। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था पर भी ठंड का कोहरे का असर पड़ा है, जिसके चलते वाहनों की गति धीमी हो गयी है।
सुबह कोहरे और कपकंपाती ठंड के चलते लोग देर से अपने अपने घरों से निकलते हैं। वहीं, बाजार भी सुनसान पड़े हैं। शाम होते ही लोग अपने अपने घरों में कैद हो जाते हैं। विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक अभी सर्दी और कोहरे का सितम जारी रहने का अनुमान है।