ग्वालियर। लोकायुक्त पुलिस संगठन ग्वालियर ने आज शाम इंदरगंज थाने में पदस्थ एक एएसआई आरिफ सिददकी को दुर्घटना के एक मामले में सहायता करने के नाम पर १५०० रूपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया है। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी एएसआई के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ग्वालियर अमित सिंह ने बताया कि इंदरगंज थाने में तैनात एएसआई शिंदे की छावनी पुलिस चौकी पर पदस्थ है। उसने फरियादी नरेन्द्र सिंह यादव के साथ हुए एक दुर्घटना के मामले में जमानत सहित अन्य कार्रवाई में मदद करने के नाम पर १५०० रूपए की रिश्वत की मांग की। आज शाम को जैसे ही एएसआई को नरेन्द्र सिंह यादव ने 1500 रूपए दिए तभी पास खडी लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी आरिफ सिददकी को रंगे हाथों दबोच लिया। लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी एएसआई आरिफ सिददकी के खिलाफ भ्रष्टाचार अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।