भोपाल। आइसक्रीम खिलाने का लालच देकर एक युवक ने छह साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर दिया। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित का गांव में जुलूस भी निकाला। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने दुष्कर्म के आरोपी की पिटाई भी की। घटना बिलखिरिया इलाके में मंगलवार दोपहर को हुई।

बिलखिरिया थाना प्रभारी वीएस सेंगर ने बताया कि थाना क्षेत्रांतर्गत गांव में रहने वाली छह साल की बच्ची पहली कक्षा में पढ़ती है। मंगलवार को सुबह से उसके माता-पिता मजदूरी करने चले गए थे। घर में छह साल की बच्ची और उसकी छोटी बहन थी। दोपहर के समय बच्ची घर में खेलने में मशगूल थी, तभी गांव में ही रहने वाले राजेश जाटव की नजर बच्ची पर पड़ी। वह राजेश को पहचानती थी। राजेश आइसक्रीम खिलाने का लालच देकर उसे अपने कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म कर दिया।

घटना के बाद डरी-सहमी बच्ची घर आ गई। शाम को उसकी मां काम से लौटी और घर के रोजाना काम में लग गई। उसने जब बेटी को उदास और गुमसुम देखा तो प्यार से पूछताछ की। बच्ची ने मां को सबकुछ बता दिया। गुस्साए माता-पिता ने राजू को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी। गांव वालों ने भी राजू के साथ मारपीट की। सुबह घटना शिकायत थाने में की गई। पुलिस ने आरोपित राजू को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपित का इलाके में जुलूस निकाला गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *